[ad_1]
Smriti Mandhana in KBC-15 : भारत की स्टार महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए एपिसोड में नजर आईं. उनके साथ युवा विकेटकीपर ईशान किशन (Ishan Kishan) भी मौजूद थे. स्मृति मंधाना ने इस दौरान कई राज खोले और अपनी क्रिकेट यात्रा के बारे में बात की. स्मृति ने बताया कि उनके पिता भारत के लिए क्रिकेट खेलना चाहते थे लेकिन ये सपना पूरा नहीं हो सका.
पापा बनना चाहते थे क्रिकेटर लेकिन…
स्मृति ने ‘बिग बी’ से मशहूर अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के इस टीवी शो में कहा, ‘सर, मेरे पिता और भाई दोनों बचपन से ही क्रिकेट खेलते थे. ये पिताजी का सपना था. पापा भी क्रिकेटर बनना चाहते थे लेकिन परिवार ने उन्हें खेल को आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं दी. फिर उनकी चाहत थी कि उनके दोनों बच्चे क्रिकेट खेलें, उनमें से कम से कम एक तो भारतीय टीम की जर्सी पहने.’ बता दें कि स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना और उनके भाई श्रवण ने सांगली के लिए जिला स्तर पर क्रिकेट खेला.
‘मां के पेट से ही प्रैक्टिस करती थी’
स्मृति ने बताया कि बचपन से ही उन्होंने क्रिकेट के बारे में ही सुना. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है जब मैं अपनी मां के गर्भ में थी, तब से ही क्रिकेट प्रैक्टिस करती थी. मैं बाद में अपने भाई के लिए गेंद लाती. मैंने नेट्स के पीछे से उन्हें देखकर बल्लेबाजी करना सीखा. असल में मैं दाएं हाथ से खेलती हूं, लेकिन मेरा भाई लेफ्टी था. मैंने उनसे बाएं हाथ से बल्लेबाजी करना सीखा. मैं नेट्स के पीछे खड़ी होकर उन्हें देखती रहती थी. मुझे लगता है कि इसी तरह मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया.’
शादी को लेकर ताने मारते थे लोग
27 साल की स्मृति मंधाना ने अपनी क्रिकेट जर्नी के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि लोग शादी को लेकर उनके परिवार को ताने मारते थे. स्मृति ने कहा, ‘लोग मेरे माता-पिता को ये कहकर ताना मारते कि कोई मुझसे शादी नहीं करेगा.’ स्मृति घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करती हैं. स्मृति ने अभी तक 6 टेस्ट, 80 वनडे और 125 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. टेस्ट में उन्होंने 1 शतक, 3 अर्धशतकों की मदद से 480 रन, वनडे में 5 शतक जड़ते हुए 3179 और टी20 इंटरनेशनल में 22 अर्धशतक लगाते हुए 2998 रन बनाए हैं.
ईशान ने लेफ्टी होने पर कही ये बात
शो के होस्ट अमिताभ बच्चन से भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने कहा कि सभी महान लोग बाएं हाथ से लिखते हैं. जब अमिताभ ने कहा कि वह लेफ्टी हैं लेकिन दोनों हाथों का इस्तेमाल कर सकते हैं को ईशान ने कहा, ‘सर, मैंने भी बाएं हाथ से लिखने की कोशिश की. जब मैंने आपको और सचिन (तेंदुलकर) सर को देखा तो मुझे लगा कि सभी महान लोग बाएं हाथ से लिखते हैं.’ बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन फिलहाल क्रिकेट से ब्रेक पर हैं. उन्होंने अभी तक 2 टेस्ट, 27 वनडे और 32 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.
[ad_2]
Source link