[ad_1]
India South Africa 1st Test, Day 1 Highlights : साल 2021. सेंचुरियन का सुपर स्पोर्ट स्टेडियम. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच. केएल राहुल (KL Rahul) ओपनिंग करते हुए ‘संकटमोचक’ बनकर आए. शतक जड़ा और भारत की जीत में अहम योगदान दिया. अब लौटते हैं 2023 में. सेंचुरियन का वही मैदान, भारत और साउथ अफ्रीका की टीम आमने-सामने. राहुल इस बार नंबर-6 पर उतरे फिर से ‘संकटमोचक’ की भूमिका में हैं. राहुल साउथ अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज के इस शुरुआती मैच में मंगलवार को पहले दिन 70 रन बनाकर नाबाद लौटे. उम्मीद है कि वह फिर से शतक जड़ेंगे लेकिन रिजल्ट क्या होगा?
कागिसो रबाडा ने मचाई तबाही
अनुभवी पेसर कागिसो रबाडा (Kagiso Rabada) की शानदार गेंदबाजी के बूते साउथ अफ्रीका ने सीरीज के शुरुआती टेस्ट मैच (IND vs SA 1st Test) के बारिश से प्रभावित पहले दिन अपनी स्थिति मजबूत की. टीम इंडिया ने मंगलवार को खेल जल्दी खत्म होने तक 208 रन तक अपने 8 विकेट गंवा दिए. रबाडा ने अभी तक 17 ओवर में केवल 44 रन देकर 5 विकेट लिए हैं. उन्होंने वापसी कर रहे कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे धुरंधर बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई.
बारिश के कारण जल्दी खत्म हुआ खेल
सेंचुरियन में इस टेस्ट मैच में शुरुआती दिन तीसरे सेशन में 59वें ओवर के बाद खराब रोशनी के कारण खेल में रुकावट आई. फिर बारिश के कारण आगे का खेल संभव नहीं हुआ. अंपायरों ने इसके बाद दिन के खेल को समाप्त घोषित कर दिया. उस समय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल 105 गेंद में 70 रन बनाकर खेल रहे थे. क्रीज पर उनके साथ मोहम्मद सिराज (0) मौजूद थे.
2021 में बॉक्सिंग-डे टेस्ट में भी चमके थे राहुल
राहुल ने भारतीय टीम के पिछले दौरे (2021) पर इस मैदान पर पारी का आगाज करते हुए शतक जड़ा था. उन्होंने तब पहली पारी में 260 गेंदों पर 17 चौके और 1 छक्के की मदद से 123 रन बनाए. दूसरी पारी में उन्होंने 23 रन जोड़े. भारत ने पहली पारी में 327 रन बनाने के बाद साउथ अफ्रीका को 197 रन पर समेट दिया. टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 174 रन बनाने के बाद साउथ अफ्रीका को 305 रन का लक्ष्य दिया. मेजबान टीम दूसरी पारी में 191 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत ने तब मुकाबला 113 रनों के बड़े अंतर से जीता. राहुल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. विराट कोहली तब टीम के कप्तान थे और रोहित शर्मा बाहर थे.
रबाडा की उपलब्धि
राहुल ने 70 रनों की अपनी नाबाद पारी में अभी तक 10 चौके और 2 छक्के जड़े हैं. रबाडा ने इस बीच भारत के खिलाफ टेस्ट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. रबाडा ने कप्तान रोहित शर्मा (5) , विराट कोहली (38) और श्रेयस अय्यर (31) को आउट किया. उन्होंने रविचंद्रन अश्विन (8) और कुछ आक्रामक शॉट लगाने वाले शार्दुल ठाकुर (24) का विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में 14वीं बार पांच विकेट लेने का कारनामा पूरा किया.
एक छोर पर जमे रहे राहुल
राहुल ने एक छोर से विकेटों के पतन के बीच सूझबूझ से बल्लेबाजी की. जब विराट कोहली 5वें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए थे, तब टीम का स्कोर 107 रन था. राहुल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ अब तब 101 रन जोड़ लिए हैं. उन्होंने इस दौरान शार्दुल के साथ 7वें विकेट के लिए 43, जसप्रीत बुमराह (1) के साथ 8वें विकेट के लिए 27 और सिराज (1) के साथ 9वें विकेट के लिए 17 रन की अटूट साझेदारी कर ली है. टी-ब्रेक के बाद उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की और नांद्रे बर्गर (50 रन पर 2 विकेट) के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौका और छक्का के साथ अर्धशतक पूरा किया.
[ad_2]
Source link