[ad_1]
नई दिल्ली. क्रिकेट की बात हो और भारत-पाकिस्तान मुकाबलों (India vs Pakistan) का जिक्र ना हो, यह संभव नहीं लगता. वह भी तब जब दोनों ही टीमों एक ही समय पर खेल रही हों. इत्तफाक से भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें साल 2024 का आगाज एक ही तारीख से कर रही हैं. सिर्फ तारीख ही नहीं, खेल का फॉर्मेट भी एक ही है. एक और समानता यह है कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें विदेश में खेल रही हैं. भारत अगर 3 जनवरी से शुरू हो रहा मैच हारा तो सीरीज गंवा देंगा. कप्तान रोहित शर्मा इससे बचने के लिए पूरा जोर लगाने वाले हैं क्योंकि भारतीय टीम को अब तक दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) में कभी भी क्लीन स्वीप का सामना नहीं करना पड़ा है.
भारत और पाकिस्तान की यह तुलना इसलिए भी हो रही है क्योंकि दोनों ही टीमों ने पिछला मैच बॉक्सिंग डे टेस्ट खेला है. पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया (Pakistan vs Australia) के खिलाफ और भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ. दिलचस्प बात देखिए कि भारत आज तक कभी भी दक्षिण अफ्रीका में सीरीज नहीं जीता है. पाकिस्तान की टीम का ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज फतह करने का ख्वाब भी टूट चुका है. वह 3 मैचों की सीरीज के पहले 2 मैच हार चुकी है.
बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में पाकिस्तान और भारत के प्रदर्शन की तुलना करें तो रोहित शर्मा की टीम इसमें पीछे नजर आती है. रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरे 3 दिन भी मैदान पर नहीं टिक सकी और पारी के अंतर से हारी. भारतीय टीम इस मुकाबले में 245 और 131 का स्कोर ही बना पाई. वहीं भारतीय गेंदबाज पूरे मैच में सिर्फ 10 विकेट झटक सके. इसके मुकाबले पाकिस्तान की बात करें तो उसने ऑस्ट्रेलिया को दोनों पारियों में ऑलआउट किया और खुद दोनों ही पारियों में 200 से ज्यादा रन बनाए. कह सकते हैं कि भारत की हार शर्मनाक रही, जबकि पाकिस्तान लड़कर हारा.
अब देखना है कि भारत और पाकिस्तान साल 2024 की शुरुआत कैसे करते हैं. भारत के पास 3 जनवरी से शुरू हो रहे मैच को जीतकर सीरीज बराबर करने का मौका है. पाकिस्तान के पास सीरीज बचाने का मौका नहीं है. लेकिन अगर वह ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टेस्ट मैच में हरा दे तो अपने क्रिकेटफैंस को थोड़ी राहत तो दे ही सकता है. पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेला जाने वाला मैच, डे-नाइट टेस्ट होगा, जो पिंक बॉल से खेला जाएगा.
.
Tags: India Vs Pakistan, India vs South Africa, Pakistan vs australia, Team india
FIRST PUBLISHED : January 2, 2024, 17:54 IST
[ad_2]
Source link