[ad_1]
इंदौर. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 14 महीने के बाद टी20 इंटरनेशनल में वापसी की है. अफगानिस्तान के खिलाफ टीम में जगह मिलने के बाद यह पक्का हो चुका है कि वह आगामी टी20 विश्व कप खेलने उतरेंगे. रविवार को तीन मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में वह खेलने उतरेंगे. इससे पहले उन्होंने अपने खास दोस्त के बारे में बात की. कोहली और रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच की दोस्ती सोशल मीडिया से शुरू हुई. दोस्ती की बातें साझा करते हुए भारतीय धुरंधर ने कहा कि वह सर्बिया के इस महान खिलाड़ी का काफी सम्मान करते हैं.
यह सब तब शुरू हुआ जब कोहली सोशल मीडिया के जरिए जोकोविच को एक संदेश भेजा. उन्हें हालांकि यह देखकर आश्चर्य हुआ कि इस दिग्गज टेनिस खिलाड़ी ने पहले से ही उन्हें संदेश भेजा था. कोहली ने बीसीसीबाई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) के ‘एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी वीडियो में कहा, ‘‘ मैं नोवाक के साथ बहुत ही व्यवस्थित तरीके से संपर्क में आया, मैं एक बार इंस्टाग्राम पर उनकी प्रोफाइल देख रहा था. मैं बस उन्हें अभिवादन करते हुए एक संदेश भेज दिया.’’
उन्होंने बताया कि जोकोविच का पहले भेजा मैसेज देखने के बाद हल्का सा डर गए थे कि जवाब दूं या नहीं क्योंकि इसके फेक होने का डर था. ‘‘ जब मैं उनके लिए संदेश लिख रहा था तब मुझे यह देख कर आश्चर्य हुआ कि मेरे इनबॉक्स में पहले से ही उनके अभिवादन का एक संदेश था. मैंने हालांकि कभी इसे पढ़ा नहीं था. मैंने संदेश देखने के बाद फिर से प्रोफाइल की जांच की कि कहीं यह फर्जी तो नहीं.’’
कोहली इंदौर में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले कहा, ‘‘ मैंने इसकी दोबारा जांच की और यह वैध था. इसके बाद हम बात करने लगे. हम समय-समय पर संदेशों का आदान-प्रदान करते रहते हैं. मैंने उन्हें उनकी सभी अद्भुत उपलब्धियों के लिए बधाई दी.’’
दोनों खिलाड़ी इसके बाद नियमित रूप से दूसरे को उनकी उपलब्धियों पर बधाई संदेशों का आदान-प्रदान करने लगे. कोहली ने जब वनडे में अपना 50वां शतक जड़ा था तब जोकोविच ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट करके उन्हें बधाई दी थी. कोहली ने कहा, ‘‘हाल ही में जब मैंने अपना 50वां शतक पूरा किया, तो उन्होंने मुझे बधाई संदेश भी भेजा. यह आपसी प्रशंसा और सम्मान की बात है.’’
.
Tags: India vs Afghanistan, Novak Djokovic, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : January 14, 2024, 13:56 IST
[ad_2]
Source link