[ad_1]
नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट में आपने भाइयों या पिता-पुत्र की जोड़ी को मैदान पर एक साथ या अलग-अलग मैदान पर खेलते हुए देखा होगा लेकिन इससे इतर रिश्तेदारों की कुछ जोड़ियां भी एक साथ या अलग-अलग मैदान पर जौहर दिखाती नजर आई हैं. इस मामले में सबसे प्रमुख जोड़ी सुनील गावस्कर और गुंडप्पा विश्वनाथ की है. ये दोनों जीजा-साले थे और कई मैचों में भारतीय टीम के लिए साथ खेलते नजर आए. ‘सनी’ और ‘विशी’ के नाम से लोकप्रिय यह जोड़ी भारतीय क्रिकेट की बैटिंग लाइन का आधारस्तंभ हुआ करती थी.
1970 और 1980 के दशक में क्रिकेट जगत में यह जुमला आम था-‘भारतीय टीम में ढाई बल्लेबाज हैं.’ इसमें सुनील गावस्कर और गुंडप्पा विश्वनाथ को मिलाकर दो बैटर और बाकी के अन्य 9 बैटरों को मिलाकर आधा बल्लेबाज गिना जाता था.
तीनों फॉर्मेट में ली हैट्रिक , ओवर में 5 विकेट हासिल कर चुका यह भारतीय बॉलर
सुनील गावस्कर और गुंडप्पा विश्वनाथ
आज के दौर के कई क्रिकेटप्रेमियों को जानकारी नहीं होगी कि सुनील गावस्कर की बहन कविता का विवाह विश्वनाथ से हुआ है. इन दोनों प्लेयर्स में यह बात समान थी कि दोनों का जन्म 1949 में हुआ था, दोनों ने भारतीय टीम की कप्तानी की और दोनों ही छोटे कद के ‘बड़े’ बल्लेबाज थे. गावस्कर और विश्वनाथ (Sunil Gavaskar and Gundappa Viswanath) ने एक साथ 84 टेस्ट खेले. वैसे ‘विशी’ उम्र में ‘सनी’ से करीब पांच माह बड़े थे. मैदान पर ऐसे मौके भी आए जब इन दोनों के साथ बैटिंग करते समय ‘जीजाजी के साले जी..’ के नारे लगते थे.
वैसे गावस्कर रिकॉर्ड्स के मामले में विश्वनाथ से काफी आगे रहे. गावस्कर ने 125 टेस्ट में 51.12 के औसत से 34 शतकों की मदद से जहां 10122 रन बनाए, वही विश्वनाथ के नाम 91 टेस्ट में 41.93 के औसत से 6080 रन दर्ज हैं जिसमें 14 शतक रहे. वनडे में गावस्कर ने 35.13 के औसत से 3092 रन (एक शतक) बनाए जबकि विश्वनाथ ने 25 वनडे में 19.95 के औसत से 439 रन.
विक्रम राठौर और आशीष कपूर
सुनील गावस्कर और विश्वनाथ के दौर के करीब डेढ़ दशक बाद भारतीय क्रिकेट में जीजा-साले की एक और जोड़ी भारतीय क्रिकेट में नजर आई. यह जोड़ी थी विक्रम राठौर और आशीष कपूर (Vikram Rathour and Aashish Kapoor)की. हालांकि यह जोड़ी इंटरनेशनल स्तर पर लंबी नहीं टिकी और जल्द ही परिदृश्य से ओझल हो गई. बता दें, आशीष की बहन का विवाह विक्रम राठौर के साथ हुआ है. मौजूदा समय में टीम इंडिया के बैटिंग कोच के तौर पर सेवा दे रहे विक्रम ने छह टेस्ट में 13.1 के औसत से 131 रन बनाए जबकि सात वनडे में 27.6 के औसत से 193 रन. आशीष कपूर की बात करें तो उन्होंने ऑफ स्पिनर की हैसियत से भारत के लिए चार टेस्ट और 17 वनडे खेले. टेस्ट में छह और वनडे में आठ विकेट आशीष के नाम पर दर्ज हैं.
टीम इंडिया के वे मशहूर क्रिकेटर जिन्होंने खिलाड़ी को ही बनाया ‘लाइफ पार्टनर’
यशपाल शर्मा और चेतन शर्मा

भारतीय टीम के सदस्य रहे यशपाल शर्मा (स्वर्गीय) और तेज गेंदबाज चेतन शर्मा (Yashpal Sharma and Chetan Sharma) रिश्ते में मामा-भांजा थे. मामा और भांजे, दोनों ने वर्ल्डकप में शानदार प्रदर्शन किया है. 1983 में वर्ल्ड चैंपियन बनी भारतीय टीम के प्रमुख सदस्य यशपाल 1978 से लेकर 1985 तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे. उन्होंने वर्ल्डकप 1983 के आठ मैचों में 240 रन बनाए थे. दूसरी ओर,चेतन शर्मा ने 1987 के वर्ल्डकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में हैट्रिक लेकर इतिहास रचा था.वर्ल्डकप में हैट्रिक लेने वाले पहले बॉलर होने का गौरव उनको हासिल है. वनडे में यशपाल के नाम एक बेहतरीन रिकॉर्ड दर्ज हैं, वे ODI में कभी भी 0 पर आउट नहीं हुए. यशपाल ने 37 टेस्ट में 33.45 के औसत से 1606 रन (दो शतक)और 42 वनडे में 28.48 के औसत से 883 रन बनाए. दूसरी ओर चेतन शर्मा ने भारत के लिए 23 टेस्ट और 65 वनडे खेले. टेस्ट में 61 और वनडे में 67 विकेट उनके नाम पर हैं. वनडे इंटरनेशनल में 24 के औसत से 456 रन भी चेतन ने बनाए हैं जिसमें एक शतक शामिल है.
एजाज अहमद और सलीम मलिक
1980 के दशक में पाकिस्तानी बैटिंग के आधार स्तंभ रहे सलीम मलिक और एजाज अहमद (Saleem Malik and Ijaz Ahmed) रिश्ते में साढ़ू भाई हैं. दोनों क्रिकेटरों की पत्नियां सगी बहनें है. एजाज की तुलना में सलीम मलिक का करियर ज्यादा लंबा रहा और वे पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान भी रहे. हालांकि उनके दामन पर मैच फिक्सिंग का ‘दाग’ भी लगा. मलिक ने वर्ष 1982 से 1999 तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेला और 103 टेस्ट में 15 शतक की मदद से 5768 और 283 वनडे में 32.88 के औसत से पांच शतक की मदद से 7170 रन बनाए. दूसरी ओर, अजीबोगरीब स्टांस के साथ बैटिंग करने वाले एजाज ने 1986 से 2001 के बीच 60 टेस्ट और 250 वनडे खेले, टेस्ट में उन्होंने 12 शतक की मदद से 3315 और वनडे में 10 शतक की मदद से 6564 रन बनाए. पाकिस्तान की कई वर्ल्डकप टीम के भी ये दोनों सदस्य रहे.
गार्ड का बेटा बना क्रिकेटर, धोनी-रोहित का चहेता, वॉर्न ने कहा- ‘रॉक स्टार’
मुशफिकुर रहीम और महमूदुल्लाह

बांग्लादेश के क्रिकेटर मुशफिकुर रहीम और महमूदुल्लाह (Mushfiqur Rahim and Mahmudullah) भी रिश्ते में जीजा-साले हैं. विकेटकीपर बैटर रहीम की बहन का निकाह वर्ष 2011 में महमुदुल्लाह से हुआ है. रहीम की बात करें तो वे बांग्लादेश की ओर से 88 टेस्ट, 268 वनडे और 102 टी20I खेल चुके हैं. टेस्ट क्रिकेट में पांच हजार से अधिक और वनडे में सात हजार से अधिक रन उनके नाम पर दर्ज हैं. महमूदुल्लाह ने 50 टेस्ट, 229 वनडे और 121 टी20 खेले हैं. वे बैटिंग के अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाज भी हैं. टेस्ट में 2914 रन व 43 विकेट, वनडे में 5348 रन व 82 विकेट और टी20I में 2122 रन व 38 विकेट वे ले चुके हैं.
अन्य प्रमुख क्रिकेटर जो रिश्तेदार हैं
-ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर इयान हिली और महिला क्रिकेट टीम की कप्तान एलिसा हिली के बीच चाचा-भतीजी का रिश्ता है. एलिसा की शादी ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क से हुई है.
-ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर व कोच डेरेन लेहमन और इंग्लैंड के क्रेग व्हाइट के बीच जीजा-साले का रिश्ता है. व्हाहट की बहन की शादी लेहमन से हुई है.
-पाकिस्तान के पूर्व ऑफ स्पिनर सकलैन मुश्ताक के बेटी का निकाह हरफनमौला शादाब खान से हुआ है. सकलैन और शादाब के बीच ससुर-दामाद का रिश्ता है.
-इसी तरह पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर अब्दुल कादिर (स्वर्गीय) की बेटी का निकाह पाकिस्तान की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके उमर अकमल से हुआ है.
.
Tags: Chetan Sharma, Off The Field, Sunil gavaskar, Yashpal Sharma
FIRST PUBLISHED : January 16, 2024, 08:34 IST
[ad_2]
Source link