[ad_1]
10:24 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: डकेट के रूप में इंग्लैंड को पहला झटका
इंग्लैंड को 12वें ओवर में 55 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अश्विन ने बेन डकेट को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 39 गेंद में सात चौके की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल जैक क्राउली और उपकप्तान ओली पोप क्रीज पर हैं।
10:16 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: दोनों छोर से स्पिनर्स
इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई है। दोनों ने 11 ओवर में 53 रन जोड़ लिए हैं। बेन डकेट 36 गेंद में 34 रन और क्राउली 31 गेंद में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इसी को देखते हुए कप्तान रोहित ने दोनों छोर से स्पिनर्स लगा दिए हैं। एक छोर से रवींद्र जडेजा और दूसरे छोर से अश्विन गेंदबाजी कर रहे हैं।
09:49 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी
इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई है। दोनों ने चार ओवर में 25 रन बना लिए हैं। सिराज और बुमराह अभी तक साधारण दिखे हैं।
09:31 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: क्राउली और डकेट क्रीज पर
इंग्लैंड के ओपनर्स जैक क्राउली और बेन डकेट क्रीज पर हैं। वहीं, भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।
09:02 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड: जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोकस (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जैक लीच।
09:01 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने जीता टॉस
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। स्टोक्स ने पहले ही प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी है। टीम तीन स्पिनर के साथ मैदान पर उतरी है। वहीं, भारतीय टीम तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाज की रणनीति से मैदान पर उतरी है। कुलदीप नहीं खेल रहे। अक्षर, अश्विन और जडेजा तीन स्पिनर होंगे। वहीं, बुमराह और सिराज दो तेज गेंदबाज होंगे।
08:49 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने घोषित की अंतिम एकादश
यह साफ हो गया है कि आकर्षण का केंद्र बिंदु स्पिन गेंदबाजी होगी। कप्तान रोहित शर्मा ने भी बुधवार को माना कि पिच से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलेगी। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा स्पिनर और धारदार होते जाएंगे। वहीं एंडरसन, वुड जैसे तेज गेंदबाजों के भरोसे रहने वाली इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा करते हुए जैक लीच, टॉम हार्टले और लेग स्पिनर रेहान अहमद के रूप में तीन स्पिन गेंदबाजों को जगह दी है। मार्क वुड टीम के एकमात्र तेज गेंदबाज होंगे। एंडरसन टीम में जगह नहीं बना पाए हैं।
08:49 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: इंग्लैंड का भारत में रिकॉर्ड
रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की अगुवाई में भारतीय पिचों पर स्पिन गेंदबाजी के आगे उन्हें अब तक के सबसे बड़े टेस्ट से गुजरना होगा। अश्विन 500 टेस्ट विकेट से 10 कदम दूर खड़े हैं, वह सीरीज के पांच टेस्ट खेलते हैं तो 100 टेस्ट पूरे कर लेंगे। हैदराबाद में गुरुवार से इंग्लैंड के बैजबॉल और भारत के स्पिनबॉल (स्पिन गेंदबाजी) के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुरू होगी। पहल टेस्ट में दोनों टीमें तीन-तीन स्पिनरों के साथ उतरेंगी। 2012 में भारतीय धरती पर सीरीज जीतने के बाद इंग्लैंड ने भारत में नौ टेस्ट खेले हैं, जिसमें सात में उसे हार मिली है, एक जीता और एक ड्रॉ रहा है।
08:48 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: 12 साल पहले इंग्लैंड से हारा था भारत
भारत को टेस्ट क्रिकेट में उसके घर में अंतिम बार 12 साल पहले इंग्लैंड ने 2-1 से हराया था। 2012 में मिली इस हार के बाद कोई भी टीम अब तक भारत को उसकी धरती पर नहीं हरा पाई है। इस बीच भारत ने घर में 16 टेस्ट सीरीज खेली हैं। इनमें भी सात में उसने क्लीन स्वीप किया है। वहीं इंग्लैंड एक बार फिर भारतीय टीम को उसी की मांद में चुनौती देने के लिए उतरी है। बेन स्टोक्स की टीम ने 12 साल पहले एलियस्टर कुक की कप्तानी में मिली सफलता को दोहराने के लिए बैजबॉल (आक्रामक क्रिकेट) की रणनीति को चुना है। बैजबॉल के जरिए उसने दुनिया भर में सफलता अर्जित की है, लेकिन भारत में यह उसके लिए आसान नहीं होगा।
08:45 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: इंग्लैंड की प्लेइंग-11
इंग्लैंड की बात करें तो बेन स्टोक्स की अगुआई वाली टीम की प्लेइंग 11 का एलान हो चुका है। जैक क्राउली और बेन डकेट की आक्रामक जोड़ी पारी की शुरुआत करेगी। तीसरे नंबर पर ओली पोप और चौथे नंबर पर जो रूट टीम को स्थायित्व प्रदान करेंगे। पांचवें नंबर पर जॉनी बेयरस्टो और छठे नंबर पर बेन स्टोक्स पलटवार कर तेजी से रन बनाने की कोशिश करेंगे। इसके बाद बेन फोकस भी टीम के जरूरत के हिसाब से आक्रामक बल्लेबाजी और विकेट बचाकर खेलने में सक्षम हैं। इसके बाद रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड और जैक लीच गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग 11 में तीन स्पिन गेंदबाजों को मौका दिया है। मार्क वुड टीम में एकमात्र तेज गेंदबाज हैं। हालांकि, बेन स्टोक्स भी जरूरत पड़ने पर तेज गेंदबाजी करने में सक्षम हैं। हालांकि, सर्जरी के बाद वह गेंदबाजी के लिए फिट हैं या नहीं यह देखने वाली बात होगी।
इंग्लैंड प्लेइंग 11: जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोकस (विकेटकीपर), रेहान अहमद, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जैक लीच।
08:44 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: अक्षर या कुलदीप खेलेंगे?
सातवें, आठवें और नौवें नंबर पर स्पिन गेंदबाजों का खेलना तय है। रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की जगह टीम में पक्की है। तीसरे स्पिनर के रूप में अक्षर पटेल का खेलना भी लगभग तय है। हालांकि, उनकी जगह कुलदीप को भी मौका दिया जा सकता है। तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का खेलना तय है।
08:43 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: जुरेल या भरत खेलेंगे?
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे। तीसरे नंबर पर शुभमन गिल की जगह पक्की है। चौथे नंबर पर विराट की जगह रजत पाटीदार को मौका मिल सकता है। इसके अलावा श्रेयस अय्यर भी इस क्रम पर खेल सकते हैं। अगर श्रेयस चौथे नंबर पर खेलते हैं तो लोकेश राहुल पांचवें नंबर पर खेलेंगे और छठे नंबर पर ध्रुव जुरेल या श्रीकर भरत को मौका मिल सकता है।
08:42 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने एक दिन पहले प्लेइंग-11 की घोषणा की
इंग्लैंड ने अपना आक्रामक रवैया जारी रखते हुए मैच से एक दिन पहले ही प्लेइंग 11 का एलान कर दिया है। वहीं, भारतीय टीम ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे छोटा टेस्ट मैच खेलने वाली टीम इंडिया में कई बदलाव होने तय हैं। भारतीय पिचों को ध्यान में रखते हुए चार तेज गेंदबाजों की बजाय दो तेज गेंदबाज टीम का हिस्सा बन सकते हैं। वहीं, विराट कोहली इस सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में बल्लेबाजी में भी बदलाव होना तय है।
08:41 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live: बैजबॉल की होगी असली परीक्षा
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज गुरुवार (25 जनवरी) से शुरू हो रही है। पहला टेस्ट हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज में इंग्लैंड के बैजबॉल वाले रवैये की असली परीछा होनी है। बेन स्टोक्स की अगुआई और ब्रेंडन मैक्कुलम की देखरेख में इंग्लैंड की टीम टेस्ट में बेहद आक्रामक रवैये के साथ खेल रही है और बहुत हद तक सफल भी रही है। वहीं, भारतीय टीम अपने घर में पिछले एक दशक में इंग्लैंड से सिर्फ एक मैच हारी है। ऐसे में भारतीय पिचों पर इंग्लैंड के नए बैजबॉल रवैये की कड़ी परीक्षा होनी है।
08:30 AM, 25-Jan-2024
IND vs ENG Live Score: 58 पर इंग्लैंड को दूसरा झटका, डकेट के बाद पोप आउट, अश्विन-जडेजा को एक-एक विकेट
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। पहला टेस्ट आज से हैदराबाद में खेला जा रहा है। विराट कोहली शुरुआती दो टेस्ट से बाहर हो गए हैं। निजी कारणों से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। साथ ही कोच द्रविड़ ने केएल राहुल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। ऐसे में केएस भरत या ध्रुव जुरेल में से किसे खेलने का मौका मिलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
[ad_2]
Source link