[ad_1]
नई दिल्ली. इंग्लैंड के खिलाफ दोहरा शतक लगाकर भी प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड ना जीत पाने वाले यशस्वी जायसवाल को आईसीसी रैंकिंग ने बड़ी खुशी दी है. 22 साल के यशस्वी जायसवाल ने ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में 37 स्थान की जबदस्त छलांग लगाई है. उन्होंने इस छलांग से एक झटके में आधे दर्जन भारतीय बैटर्स को पीछे छोड़ दिया है. इनमें शुभमन गिल, केएल राहुल से लेकर श्रेयस अय्यर तक शामिल हैं.
आईसीसी ने लेटेस्ट टेस्ट रैकिंग 6 फरवरी को जारी की. इस रैंकिंग में बैटर्स की लिस्ट में पहले नंबर पर न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन हैं. हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले विलियम्सन 864 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर बरकरार हैं. स्टीव स्मिथ (818) दूसरे और जो रूट (797) तीसरे नंबर पर हैं. इस लिस्ट के टॉप-10 बैटर्स में सिर्फ एक भारतीय विराट कोहली (760) हैं.
आईसीसी की ताजा टेस्ट रैकिंग में सबसे बड़ी छलांग यशस्वी जायसवाल ने लगाई है. यशस्वी ने ताजा रैंकिंग में 37 स्थान की छलांग लगाई है और अब वे 29वें नंबर पर आ गए हैं. भारतीय बैटर्स में सिर्फ विराट कोहली, ऋषभ पंत और रोहित शर्मा ही उनसे बेहतर स्थिति में हैं. ऋषभ पंत 12वें और रोहित शर्मा 13वें नंबर पर हैं.
यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 209 रन की पारी खेली थी. ताजा रैंकिंग में उन्हें इसी प्रदर्शन का फायदा मिला है. यशस्वी जायसवाल भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच से पहले आईसीसी रैंकिंग में टॉप-60 बैटर्स में भी शामिल नहीं थे. लेकिन उन्होंने एक पारी के दम पर शुभमन गिल, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, श्रेयस अय्यर को पीछे छोड़ दिया है. ताजा रैंकिंग में शुभमन गिल 38वें, रवींद्र जडेजा 42वें, श्रेयस अय्यर 50वें, अक्षर पटेल 51वें और केएल राहुल 53वें नंबर पर हैं.
दूसरी ओर, भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच में 9 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया है. जसप्रीत बुमराह अपने इस प्रदर्शन की बदौलत गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं. बुमराह टेस्ट रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंचने वाले भारत के तीसरे गेंदबाज और पहले पेसर हैं. उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ही यह उपलब्धि हासिल कर सके हैं.
.
Tags: ICC Ranking, Shubman gill, Yashasvi Jaiswal
FIRST PUBLISHED : February 7, 2024, 22:51 IST
[ad_2]
Source link