[ad_1]
राम नायक, रायपुर. शिवम दुबे, सूर्य कुमार यादव और यशस्वी जायसवाल के बाद मुंबई की एक और खिलाड़ी ने टीम इंडिया में अपना दावा ठोका है. मुंबई के 24 वर्षीय विस्फोटक ओपनर पृथ्वी शॉ दोबारा फॉर्म में वापस लौटे हैं. भारत के लिए तीनों फारमेट में खेल चुके शॉ पिछले 6 महीने से क्रिकेट से दूर थे. 2 फरवरी को उन्होंने कोलकाता के ईडन गॉर्डंस में मैदान पर वापसी की. इस मुकाबले में शॉ ने 42 गेंदों में पांच चौके की मदद से 35 रनों की पारी खेली. अब उन्होंने रायपुर में छत्तीसगढ़ के खिलाफ अपने चिर-परिचित अंदाज में विस्फोटक शतक लगाया. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनका 13वां शतक है.
मैदान पर वापसी के साथ ही टीम इंडिया का दरवाजा खटखटाया
अगस्त 2023 में पृथ्वी शॉ ने नॉर्थहैम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए लिस्ट ए मुकाबलों में 244 और 125* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी. ऐसा लगा कि करीब तीन साल बाद टीम इंडिया में उनकी वापसी हो जाएगी. लेकिन इस बीच वह चोटिल होकर मैदान से दूर हो गए. इस दौरान टीम इंडिया में मुंबई के स्टार बैटर यशस्वी जायसवाल और ऑलराउंडर शिवम दुबे अपनी धाक जमाने में सफल रहे. यशस्वी अब इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ओपनर की भूमिका निभा रहे हैं.
6 साल में खेल सके सिर्फ 12 मुकाबले
2017 में फर्स्ट क्लास डेब्यू करने वाले पृथ्वी शॉ को इंडियन क्रिकेट टीम के भविष्य का सितारा माना जा रहा था. उनकी तुलना पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग से होती थी. फर्स्ट क्लास में शॉ का स्ट्राइक रेट करीब 83 का है. शॉ ने भारत की तरफ से 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 मुकाबला खेला है. साल 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले 134 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी. इस मुकाबले में उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया. लेकिन 6 सालों में वह टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की न कर सके.

पटना से बदली शिवम दुबे की किस्मत
पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में बिहार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले मुंबई के ऑलराउंडर शिवम दुबे को टीम इंडिया से बुलावा आ चुका है. अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने वापसी की. ऐसी खबरें हैं कि बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए उन्हें कप्तान बनाया जा सकता है.

क्या पृथ्वी शॉ का खुलेगा भाग्य
शॉ ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहले दिन सिर्फ 185 गेंदों में 159 रनों की पारी खेली. उन्होंने 18 चौके और तीन छक्के जड़े. वहीं कप्तान अजिंक्य रहाणे फिर से फ्लॉप हो गए. रहाणे सिर्फ एक रन बनाकर बोल्ड हो गए. खबर लिखे जाने तक मुंबई की टीम ने 83 ओवर में चार विकेट खोकर 305 रन बना लिए हैं. शॉ के अलावा सलामी बल्लेबाज भूपेन लालवानी ने भी 102 रनों की पारी खेली.
.
Tags: Cricket news, Local18, Mumbai News, Prithvi Shaw, Ranji Trophy
FIRST PUBLISHED : February 9, 2024, 16:34 IST
[ad_2]
Source link