[ad_1]
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच तीसरा टेस्ट राजकोट में खेला जाएगा. दोनों टीमें इसके लिए तैयार है. दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 106 रन से हराया था. देखना होगा कि तीसरे टेस्ट में कौन सी टीम किस पर हावी होती है. भारत के स्टार स्पिनर आर अश्विन इंग्लैंड के तीसरे टेस्ट मैच में अपने नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज कर सकते हैं. टीम इंडिया के दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने कहा है कि अश्विन अपना 500 विकेट पूरा कर लेंगे.
रवींद्र जडेजा ने तीसरे टेस्ट से पहले आर अश्विन को लेकर कहा, “वह 500 विकेट पूरा कर लेंगे. इसमें कोई हैरान करने वाली बात नहीं है. मैं उनके लिए बहुत खुश हूं कि वह ऐसा करेंगे. सौभाग्य की बात ये है कि वो मेरे होमटाउन पर ऐसा करने वाले हैं.” बता दें कि आर अश्विन इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट मैचों में 9 विकेट झटक चुके हैं. उनका 500वां टेस्ट शिकार कौन होगा, यह देखना दिलचस्प रहेगा.
आर अश्विन ने 9 मैचों में अपने 50 टेस्ट विकेट पूरे किए थे वहीं 100 विकेट तक पहुंचने के लिए उन्होंने 18 टेस्ट मैचों का सहारा लिया. 29 टेस्ट मैचों में अश्विन ने 150 विकेट पूरे किए वहीं 37 टेस्ट में 200 विकेट हासिल किए. अश्विन ने 45 मैचों में अपना 250वां टेस्ट शिकार किया वहीं 300 विकेट के लिए उन्हें 54 टेस्ट खेलने पड़े. 350 विकेट के लिए अश्विन ने 66 टेस्ट मैचों की मदद ली जबकि 77 मैचों में 400 विकेट पूरे किए. उन्होंने अपने 89वें टेस्ट में 450 विकेट हासिल किए.
97 टेस्ट मैचों में आर अश्विन (R Ashwin) ने 499 विकेट चटकाए हैं. यदि वह राजकोट में एक विकेट और ले लेते हैं तो वह टेस्ट क्रिकेट में 500 या इससे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे. इससे पहले सिर्फ अनिल कुंबले ही टेस्ट में 500 विकेट ले चुके हैं. टेस्ट क्रिकेट में अभी तक सिर्फ 8 गेंदबाज ही 500 या इससे ज्यादा विकेट ले पाए हैं.
.
Tags: India Vs England, R ashwin, Ravindra jadeja, Team india
FIRST PUBLISHED : February 14, 2024, 15:17 IST
[ad_2]
Source link