[ad_1]
Sai Praneeth Retirement: वर्ल्ड चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले बी साई प्रणीत ने सोमवार को इंटरनेशनल बैडमिंटन को अलविदा कह दिया. अब वह अमेरिका में एक क्लब से मुख्य कोच के रूप में जुडेंगे. हैदराबाद के 31 वर्ष के प्रणीत ने टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन उसके बाद से वह लगातार चोटों से जूझ रहे हैं. प्रणीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, ‘मिले जुले जज्बात के साथ मैं इन शब्दों के जरिए उस खेल को अलविदा कह रहा हूं, जो 24 से अधिक साल से मेरे लिए सब कुछ रहा है.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘आज मैं नए अध्याय की शुरूआत कर रहा हूं और अपने अब तक के सफर के लिए अभिभूत और कृतज्ञ हूं.’
बैडमिंटन मेरा पहला प्यार…
प्रणीत ने लिखा , ‘बैडमिंटन मेरा पहला प्यार और साथी रहा है. इसने मेरे वजूद को मायने दिए. जो यादें हमने साझा की, जो चुनौतियां हमने पार की, वे सदैव मेरे दिल में रहेंगी.’ बता दें कि प्रणीत अगले महीने अमेरिेका में ट्रायंगल बैडमिंटन अकेडमी के हेड कोच के रूप में जुड़ेंगे . उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘मैं अप्रैल में वहां जाऊंगा. मैं क्लब का हेड कोच रहूंगा और सारे खिलाड़ी मेरे मार्गदर्शन में खेलेंगे. एक बार वहां जाने के बाद ही विस्तार से बता सकूंगा.’
ये उपलब्धियां की हासिल
अपने दो दशक से लंबे इंटरनेशनल करियर में प्रणीत ने 2017 सिंगापुर ओपन सुपर सीरिज खिताब जीता. इसके अलावा स्विटजरलैंड के बासेल में 2019 विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य अपने नाम किया. 2008 में प्रणीत के नाम तब चमक था, जब उन्होंने सबसे पहले कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स के मेंस डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. इसके बाद उन्होंने 2010 वर्ल्ड जूनियर चैम्पियनशिप के सिंगल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता. वह वर्ल्ड रैंकिंग में 10वें नंबर तक पहुंचे और टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई भी किया, लेकिन सारे मैच हारकर ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गए थे. उन्होंने लिखा, ‘मेरी सफलता के पीछे मेरे परिवार, मेरे दादा-दादी, माता-पिता और पत्नी की हौसलाअफजाई रही है. उनके सहयोग के बिना कुछ भी संभव नहीं था.’
बचपन के कोच को कहा धन्यवाद
इस बैडमिंटन स्टार ने आगे लिखा, ‘पुलेला गोपीचंद अन्ना, गोपीचंद अकेडमी, मेरे सहयोगी और कोचिंग स्टाफ, बचपन के कोच आरिफ सर और गोवर्धन सर को भी धन्यवाद.’ इस बीच भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले कोच मोहम्मद सियादातुल्ला सिद्दीकी ने गोपीचंद अकेडमी छोड़ दी है. वह अमेरिका की ओरेगोन बैडमिंटन अकेडमी से जुड़ेंगे. वह पिछले कई साल से साइना नेहवाल, पी वी सिंधू, किदाम्बी श्रीकांत, एच एस प्रणय जैसे टॉप भारतीय खिलाड़ियों के साथ टूर्नामेंट्स में नजर आए हैं.
(एजेंसी इनपुट के साथ)
[ad_2]
Source link