[ad_1]

Baltimore Bridge Collapse
– फोटो : ANI
विस्तार
अमेरिका के बाल्टीमोर में कंटेनर जहाज के ब्रिज से टकराने के कारण हुए हादसे के बाद छह लोग लापता बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि जहाज पर सवार चालक दल के सभी 22 सदस्य भारतीय हैं। इस पर यूएस नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड की प्रमुख जेनिफर होमेंडी ने कहा कि उन्होंने मैरीलैंड के बाल्टीमोर में फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज से टकराने वाले कंटेनर जहाज पर सवार चालक दल और उनकी राष्ट्रीयता के बारे में विरोधाभासी जानकारी सुनी है।
सिंगापुर का झंडा लगा 948 फुट का जहाज मंगलवार को मैरीलैंड में फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज के एक पिलर से टकरा गया था, जिससे ब्रिज ढह गया। जहाज पर सवार चालक दल और उनकी राष्ट्रीयता के बारे में पूछे जाने पर होमेंडी ने कहा, हमें अभी भी जहाज पर सवार चालक दल की संख्या और उनकी स्थिति की जांच करने की जरूरत है।
इससे पहले शिपिंग कंपनी सिनर्जी मैरीटाइम ग्रुप ने एक बयान में कहा था कि जहाज पर चालक दल के 22 सदस्य सवार थे और वे सभी भारतीय हैं। एनटीएसबी अध्यक्ष ने कहा कि सिंगापुर के समुद्री और बंदरगाह प्राधिकरण के अधिकारी बुधवार को अमेरिका पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, मैं सिंगापुर में अपने समकक्षों के संपर्क में हूं। एनटीएसबी अन्य देशों में अपने समकक्षों के साथ संपर्क में रहता है और उनसे समय समय पर बातचीत करता है।
भारतीय दूतावास ने शुरू की हॉटलाइन
बाल्टीमोर में हुए हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए वॉशिंगटन में भारतीय दूतावास ने संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद के लिए हॉटलाइन शुरू की है। भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बाल्टीमोर में फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। दूतावास ने कहा कि जहाज के चालक दल के संबंध में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।
वहीं, मैरीलैंड के गवर्नर ने कहा कि जहाज के चालक दल ने दुर्घटना से पहले आपात कॉल की थी, जिससे अधिकारियों को ब्रिज पर वाहन यातायात को सीमित करने में मदद मिली।
[ad_2]
Source link