[ad_1]
05:31 PM, 14-Apr-2024
इस्राइल पर किए गए हमलों को लेकर भारत में ईरान के राजदूत इराज इलाही ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कल रात इस्राइल के सैन्य बुनियादी ढांचे पर हमला सीरिया में ईरानी दूतावास को निशाना बनाने के जवाब में किया गया था। यह हमला आत्मरक्षा के अंतर्निहित अधिकार पर आधारित था। हमें आशा है कि उन्होंने सबक सीख लिया है। आगे इराज इलाही ने चेतावनी देते हुए कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि अगर वह फिर से अपनी दुष्ट और आतंकवादी कार्रवाइयों को दोहराता है, तो उसे ईरान से निर्णायक प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ेगा। इस्लामिक गणराज्य ईरान ने राजनयिक बातचीत में कई बार कहा है कि वह क्षेत्र में संघर्ष विकसित नहीं करना चाहता है।
भारत में ईरान के राजदूत इराज इलाही ने आगे कहा कि इस्राइल का अवैध और आतंकवादी शासन किसी भी अंतरराष्ट्रीय कानून, या नैतिक और मानवीय सिद्धांतों का पालन नहीं करता है। इस आतंकवादी शासन ने इस्लामी गणराज्य के खिलाफ अपनी दुश्मनी और द्वेष को कभी नहीं रोका है।
04:34 PM, 14-Apr-2024
जयशंकर ने जताई चिंता
इस्राइल-ईरान संघर्ष पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं। जो कुछ भी हो रहा है, वह चिंताजनक है।
03:40 PM, 14-Apr-2024
अतिरिक्त हेल्पलाइन नंबर जारी किए
ईरान में भारतीय दूतावास ने अपने लोगों की मदद के लिए अतिरिक्त हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
दूतावास की ओर से जारी किए नंबर
+989128109115
+98993179567
+989932179359
+98-21-88755103-5
01:09 PM, 14-Apr-2024
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने इस्राइल पर ईरान के हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी। इस्राइल पर ईरान के हमले के बाद सुनक ने कहा कि वे ईरान की निंदा करने के साथ-साथ इस्राइल का समर्थन करते हैं। उन्होंने ब्रिटेन की तरफ से इस्राइल की मदद के लिए लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया है। पढ़ें पूरी खबर…
12:32 PM, 14-Apr-2024
जॉर्डन ने अस्थायी रूप से बंद किया अपना हवाई क्षेत्र
रॉयटर्स के मुताबिक, इस बीच जॉर्डन ने अस्थायी रूप से अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। एएफपी की रिपोर्ट में कहा गया कि ईरान के ड्रोन हमले के चलते इस्राइल के विमानन अधिकारी सभी उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद करेंगे।
12:00 PM, 14-Apr-2024
ईरान ने दागी 200 ड्रोन्स-मिसाइलें, फिर भी इस्राइल को नहीं हुआ कोई नुकसान
ईरान ने जैसे ही इस्राइल पर ड्रोन्स और मिसाइलों से हमला बोला, वैसे ही इस्राइल में सायरन गूंजने लगे। सायरनों की आवाज से लोग दहशत में जरूर आए, लेकिन ईरान का इतना बड़ा हमला भी इस्राइल को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा सका। दरअसल इसकी वजह है कि इस्राइल का एरो डिफेंस सिस्टम, जिसने आयरन डोम सिस्टम के साथ मिलकर ईरान की मिसाइलों और ड्रोन्स को हवा में ही तबाह कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…
11:22 AM, 14-Apr-2024
ईरान ने अमेरिका को दी संघर्ष से दूर रहने की चेतावनी
इस्राइल-हमास के बीच जारी युद्ध के साथ इस्राइल-ईरान के बीच भी संघर्ष शुरू हो चुका है। दरअसल, हाल ही में सीरिया के ईरानी दूतावास में हमले के बाद से ही ईरान इस्राइल पर बौखलाया हुआ है। इस हमले के लिए ईरान ने इस्राइल को जिम्मेदार ठहराया है। जवाबी कार्रवाई करने की धमकी देते हुए ईरान ने शनिवार को इस्राइल में दर्जनों ड्रोन भी दागे। हमले को देखते हुए अमेरिका इस्राइल के बचाव में सामने आया है। इसके बाद ईरान ने अमेरिका के समर्थन का विरोध किया है। उसने अमेरिका को इस हमले से दूर रहने को कहा है। ईरान ने धमकी देते हुए कहा कि अगर इस्राइल ने एक और गलती की तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा। पढ़ें पूरी खबर…
10:55 AM, 14-Apr-2024
दुनिया एक और युद्ध बर्दाश्त नहीं कर सकती: यूएन प्रमुख
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने ईरान की तरफ से इस्राइल पर किए गए हमले की कड़ी निंदा की और आगाह किया कि न तो क्षेत्र और न ही दुनिया एक और युद्ध बर्दाश्त कर सकती है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने सभी पक्षों से ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा संयम बरतने की अपील की, जिससे पश्चिम एशिया में कई मोर्चों पर बड़े सैन्य टकराव छिड़ सकते हैं।
गुतारेस ने एक बयान में कहा, ‘‘आज शाम इस्लामी गणराज्य ईरान की तरफ से इस्राइल पर बड़े पैमाने पर किए गए हमलों की वजह से तनाव में गंभीर बढ़ोतरी की मैं कड़ी निंदा करता हूं। मैं शत्रुता को तत्काल समाप्त करने का आह्वान करता हूं।” उन्होंने कहा कि वह तनाव के पूरे क्षेत्र में फैलने और इसके वास्तविक खतरे को लेकर बहुत चिंतित हैं। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा, “मैंने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि न तो क्षेत्र और न ही दुनिया एक और युद्ध बर्दाश्त कर सकती है।”
10:29 AM, 14-Apr-2024
बाइडन बोले- अमेरिका ने पहले ही भेज दिए थे विध्वंसक पोत
बाइडन ने इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की। उन्होंने कहा, ‘‘आज ईरान और यमन, सीरिया और इराक के उसके हमदर्दों ने इस्राइल में सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए अचानक हमला किया। मैं इन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं।’’ बाइडन ने कहा कि इस्राइल की मदद करने के उनके निर्देश पर अमेरिकी सेना ने पिछले सप्ताह क्षेत्र में विमान और बैलेस्टिक मिसाइल रक्षा विध्वंसक भेजे थे। उन्होंने कहा, ‘‘इन तैनाती और हमारे सैनिकों की दक्षता के कारण हम लगभग सभी ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराने में इस्राइल की मदद कर पाए।’’
10:05 AM, 14-Apr-2024
अमेरिका ने बुलाई जी-7 देशों की बैठक
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस्राइल पर ईरान के हमले की निंदा की और स्थिति पर चर्चा और आगे की कार्रवाई के लिए जी-7 नेताओं की बैठक बुलाई है। बाइडन की इस प्रतिक्रिया के बीच अमेरिकी सेना ने ईरान के ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराने के प्रयासों में मदद की। इस्राइल ने कहा कि उसने और उसके सहयोगी देशों ने ईरान की ओर से दागी गईं 200 से अधिक ड्रोन और मिसाइलों में से अधिकतर को बीच में ही रोक दिया है।
[ad_2]
Source link