[ad_1]
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के 17 साल के इतिहास में यह सिर्फ तीसरा मौका था, जब किसी खिलाड़ी ने रनचेज करते हुए शतक बनाया, लेकिन यह उसकी टीम के काम नहीं आया. रोहित शर्मा भी इन अनलकी बैटर्स के अनचाहे क्लब में रविवार रात शुमार हो गए. रोहित ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 63 गेंद पर 105 रन की नाबाद पारी खेली. वे अंत तक आउट भी नहीं हुए. लेकिन जब वे मैदान से लौटे तो उनके चेहरे पर जीत की खुशी नहीं, हार का गम था.
चेन्नई सुपरकिंग्स ने रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 विकेट पर 206 रन बनाए. उसकी ओर से ऋतुराज गायकवाड़ ने 69, शिवम दुबे ने 66 रन बनाए. एमएस धोनी ने महज 4 गेंद पर 20 रन की पारी खेली. इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 186 रन ही बना सकी.
मुंबई इंडियंस की ओर से ओपनर रोहित शर्मा ने 63 गेंद पर 105 रन की नाबाद पारी खेली. उन्होंने इस पारी में 11 चौके और 5 छक्के लगाए. इसके बावजूद वे अपनी टीम को नहीं जिता सके. आईपीएल इतिहास में इससे पहले सिर्फ दो बार ऐसा हुआ था कि किसी बैटर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक बनाया, लेकिन उनकी टीम हार गई थी. सबसे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड यूसुफ पठान ने बनाया था. साल 2010 में यूसुफ पठान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंद पर शतक ठोक दिया था, लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स मैच हार गई थी. इत्तफाक से दूसरी बार भी राजस्थान रॉयल्स के बैटर के साथ ही ऐसा हुआ. साल 2021 में संजू सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 63 गेंद पर 119 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम आरआर मुकाबला हार गई.
रोहित ने 2012 में खेली थी सबसे बड़ी पारी
रोहित शर्मा का यह आईपीएल में सिर्फ दूसरा शतक है. उन्होंने इससे पहले 2012 में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 109 रन की पारी खेली थी. यह आईपीएल में रोहित की सबसे बड़ी पारी है. खास बात यह कि रोहित शर्मा तब भी नाबाद रहे थे. रोहित की इस पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 27 रन से हराया था.
.
Tags: IPL 2024, Mumbai indians, Number Game, Rohit sharma
FIRST PUBLISHED : April 15, 2024, 08:20 IST
[ad_2]
Source link