[ad_1]
IPL 2024: अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले 17 साल में बल्लेबाजी के बढ़ते स्तर पर ध्यान दिलाते हुए शनिवार को कहा कि जल्द ही लीग में 300 रन का स्कोर भी पार कर लिया जाएगा. आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर सनराइजर्स हैदराबाद के नाम है जो उसने रॉयल चैलेंजर्स बेगलुरु के खिलाफ तीन विकेट पर 287 रन बनाकर हासिल किया था. वहीं, टी20 के इतिहास में 300 रन का स्कोर सिर्फ एक बार ही बना है जो नेपाल ने पिछले साल हांग्झोउ एशियाई खेलों में मंगोलिया के खिलाफ तीन विकेट पर 314 रन बनाया था.
IPL में जल्द बनेगा 300 रन का स्कोर
दिनेश कार्तिक ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के होने वाले मुकाबले की पूर्व संध्या पर कहा, ‘मुझे लगता है कि स्कोर लगातार बढ़ता ही जा रहा है. यह बहुत ऊपर होता जा रहा है.दुनिया भर में इस फॉर्मेट में खेले जा रहे टूर्नामेंट के इतिहास में आईपीएल के पहले 32 मैच में 250 रन की संख्या सबसे ज्यादा है. इससे पता चलता है कि खिलाड़ी बहुत अधिक निडर हो रहे हैं. खिलाड़ी बहुत अधिक सीमायें लांघ रहे हैं. अगर 300 रन का आंकड़ा बहुत जल्द या फिर इसी साल (के आईपीएल में) ही पार हो जाए तो मुझे हैरानी नहीं होगी.’
इस दिग्गज ने की बड़ी भविष्यवाणी
दिनेश कार्तिक ने कहा कि ‘इम्पैक्ट’ खिलाड़ी नियम ने टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दी है. दिनेश कार्तिक ने कहा, ‘इस नियम से आपकी बल्लेबाजी में गहराई आ रही है जिससे गेंदबाजों पर काफी दबाव बन रहा है. काफी युवा खिलाड़ी शॉट खेलने की आजादी से स्वच्छंद हो गए हैं और वे कुछ शानदार शॉट्स खेल रहे हैं.’ दिनेश कार्तिक ने कहा, ‘अगर आप इस टूर्नामेंट के पिछले 17 साल को देखो तो बल्लेबाजी का स्तर कितना अवास्तविक हो गया है, यह कितनी अच्छी तरह से आगे बढ़ा है.’ दिनेश कार्तिक ने भारत के लिए फिर से खेलने के अपने सपने को नहीं छोड़ा है और टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में जगह बनाने के लिए वह वो सबकुछ करेंगे जो वह कर सकते हैं.
दिनेश कार्तिक टी20 वर्ल्ड कप के लिए तैयार
संयुक्त राज्य अमेरिका और वेस्टइंडीज में एक जून से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप तक दिनेश कार्तिक 39 साल के हो जाएंगे. वह 2022 में ऑस्ट्रेलिया में टी20 इंटरनेशनल वर्ल्ड कप के अंतिम चरण का भी हिस्सा थे जो भारतीय टीम के लिए उनका अंतिम टूर्नामेंट था. तब से वह क्रिकेट विशेषज्ञ बन गए हैं और कमेंट्री भी करने लगे हैं. आईपीएल के इस सीजन में वापसी करते हुए वह अपनी बल्लेबाजी को नये स्तर तक ले गए हैं और 205 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में वह विराट कोहली (361) और कप्तान फाफ डुप्लेसी (232) के बाद 226 रन से टीम के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं.
[ad_2]
Source link