[ad_1]

राजस्थान
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
नोएडा के बाद शरारती तत्वों के निशाने पर अब जयपुर आ गया है। जयपुर के कई बड़े स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इनमें स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जयपुर में बम धमाकों की बरसी पर मिले इन ईमेल ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। बम निरोधक दस्ते सक्रिय हो गए हैं। स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
जिन स्कूलों को ईमेल मिले हैं, वहां पुलिस टीमें पहुंच गई हैं। खोजी श्वान दल के साथ पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने स्कूल खाली करवाए और जांच शुरू कर दी है। डीसीपी ईस्ट कवियेंद्र सागर ने बताया कि विद्याश्रम, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल और माणक चौक स्थित सेंट टेरेसा स्कूल को ई-मेल के जरिए यह धमकियां मिली थी। इसके बाद तत्काल स्कूलों में पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। अब तक कोई बम नहीं मिला है। बम निरोधक दस्ते मौके पर हैं। स्कूलों को खाली करवा लिया गया है। ऐसे ही ई-मेल जयपुर के कई अन्य बड़े स्कूलों को भी मिले हैं। रविवार देर शाम जयपुर एयरपोर्ट को भी बम से उड़ाने का ईमेल भेजा गया था, लेकिन जांच के बाद वहां कोई बम नहीं मिला।
नोएडा के स्कूलों को भी मिले थे ईमेल
इससे पहले करीब दो हफ्ते पहले नोएडा के स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया था। स्कूलों को खाली कराया गया था। हालांकि, किसी भी स्कूल में बम नहीं मिला था।
13 मई 2008 को जयपुर में आठ जगह हुए थे धमाके
13 मई 2008 को जयपुर के परकोटे में आठ जगह सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे। इनमें 73 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 185 घायल हुए थे। इस मामले में कोर्ट ने बम धमाकों के दोषियों को 20 दिसंबर 2019 को फांसी की सजा सुनाई थी। 24 गवाह बचाव पक्ष ने पेश किए थे, जबकि सरकार की ओर से 1270 गवाह पेश हुए थे। सरकार की ओर से वकीलों ने 800 पेज की बहस की थी। कोर्ट ने 2500 पेज का फैसला सुनाया था। हालांकि, पिछले साल इन सभी दोषियों को राजस्थान हाईकोर्ट ने बरी कर दिया था।
[ad_2]
Source link