[ad_1]
टी20 विश्व कप का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और सभी टीमें अपना जलवा बिखेरने के लिए एक बार फिर तैयार हैं। इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए सभी 20 टीमों ने अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है। दो जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप में कुछ नए खिलाड़ी अपना प्रभाव छोड़ने के लिए जहां उत्सुक होंगे, वहीं कुछ सीनियर खिलाड़ी अपना दबदबा बरकरार रखना चाहेंगे। ऐसे ही ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी अपना दम दिखाने के लिए पूरी तैयार हैं। स्टार्क बड़े टूर्नामेंट के खिलाड़ी माने जाते हैं और पावरप्ले में विपक्षी टीम के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं। आइए जानते हैं स्टार्क के टी20 में रिकॉर्ड कैसे हैं?
आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं स्टार्क
स्टार्क हाल ही में आईपीएल 2024 में हिस्सा लेकर टी20 विश्व कप में शामिल होने पहुंचे हैं। स्टार्क को इस सीजन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था जो इस टूर्नामेंट इतिहास की सबसे ज्यादा बोली थी। स्टार्क का मौजूदा आईपीएल के शुरुआती चरणों में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और वह काफी महंगे साबित हो रहे थे, लेकिन उन्होंने प्लेऑफ मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया और केकेआर को आईपीएल का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। आईपीएल में आठ साल बाद वापसी करने वाले स्टार्क ने शुरुआती नौ मैचों में सिर्फ सात विकेट लिए थे। उन्होंने वानखेडे मैदान पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई और फिर प्लेऑफ और फाइनल में अपनी गेंदबाजी से टीम को चैंपियन बनने में अहम योगदान दिया।
पावरप्ले और डेथ ओवरों में काफी शिकार करते हैं स्टार्क
माना जाता है कि टी20 बल्लेबाजों का खेल है जिसमें गेंदबाज के लिए ज्यादा कुछ नहीं होता, लेकिन स्टार्क जैसे गेंदबाज उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अपनी धारदार गेंदबाजी से किसी भी टीम के हौसले पस्त कर सकते हैं। स्टार्क का टी20 में रिकॉर्ड कुछ ऐसा है जो सभी टीमों की नींद उड़ा सकता है। 2022 से अब तक स्टार्क ने टी20 प्रारूप में कुल 85.5 ओवर गेंदबाजी की है जिसमें 810 रन देकर 31 विकेट झटके हैं। इस दौरान स्टार्क का इकॉनोमी रेट 9.4 का रहा है। फेज के अनुसार देखें तो स्टार्क पावरप्ले और डेथ ओवरों (16-20) में स्टार्क सबसे ज्यादा शिकार करते हैं, जबकि मध्य ओवरों में उम्मीद के अनुसार विकेट नहीं ले पाते हैं।
टी20 में 2022 से स्टार्क ने शुरुआती छह ओवर में 15 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनोमी रेट 9.0 की रही है। वहीं, 16-20 ओवर के बीच स्टार्क ने 11.4 की इकॉनोमी से 11 विकेट झटके हैं। डेथ ओवरों में हालांकि स्टार्क काफी महंगे भी रहे हैं। वहीं, सात से 15 ओवर के बीच स्टार्क ने भले ही पांच विकेट अपने नाम किए हैं, लेकिन उनकी इकॉनोमी 8.4 की रही है जो पावरप्ले और डेथ ओवरों से बेहतर है। स्टार्क ने आईपीएल 2024 के प्लेऑफ और फाइनल में भी पावरप्ले में ही कहर बरपाया था, ऐसे में भारत सहित अन्य सभी टीमों को उनसे सावधान रहने की जरूरत है।
बड़े मैच के खिलाड़ी हैं स्टार्क
मिचेल स्टार्क ने शायद ही वह रील देखी होगी जो एक महीने पहले इंस्टाग्राम पर वायरल हुई थी जब स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा उनकी गेंदों पर लगातार छक्के जड़े जा रहे थे। इस रील में स्टार्क की गेंदबाजी का मजाक उड़ाया गया था, क्योंकि वह आईपीएल 2024 के लीग स्टेज में काफी महंगे साबित हुए थे। हालांकि, इस रील को बनाने वाले ये भूल गए थे कि स्टार्क बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं और आईपीएल की नीलामी में उन पर इतनी बड़ी रकम इसीलिए लगी थी। ऐसा नहीं है कि स्टार्क ने आईपीएल 2024 में ही दमदार प्रदर्शन किया, उन्होंने इससे पहले भी बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल में बड़े बल्लेबाजों के विकेट चटकाए हैं। अब वह मेलबर्न में खेले गए 2015 वनडे विश्व कप के फाइनल में बेहद खतरनाक ब्रेंडन मैकुलम का विकेट हो या 2023 विश्व कप का फाइनल, जहां उन्होंने शुभमन गिल और लोकेश राहुल को चलता कर भारतीय बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया था। स्टार्क ने साबित किया कि विश्व कप या आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में आपको 30 विकेट लेने की जरूरत नहीं है, बल्कि दो या तीन महत्वपूर्ण दिनों में अच्छा प्रदर्शन करना होता है।
[ad_2]
Source link