[ad_1]
न्यूयॉर्क. आईसीसी टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले की चर्चा काफी पहले से की जा रही है. इस अहम मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपनी टीम को सावधान किया है. उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर बना माहौल, अपेक्षाओं का बोझ और दबाव खिलाड़ियों को नर्वस बना देता है. उन्होंने टी20 विश्व कप में रविवार को होने वाले मैच से पहले अपने खिलाड़ियों को शांत बने रहने और अपने ‘बेसिक्स’ पर कायम रहने की सलाह दी.
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में अभी तक जो सात मैच खेले हैं उनमें से उसे केवल एक में हार का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान में यह जीत 2021 में हासिल की थी. बाबर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पॉडकास्ट में कहा, ‘‘हम जानते हैं कि भारत और पाकिस्तान के मैच पर किसी अन्य मैच की तुलना में अधिक चर्चा होती है. इसके लिए पूरी तरह से भिन्न माहौल तैयार किया जाता है तथा केवल खिलाड़ी ही नहीं बल्कि प्रशंसकों में भी इसको लेकर उत्साह बना रहता है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया में आप कहीं भी जाओ, आपको भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर चर्चा करते हुए लोग मिल जाएंगे. हर कोई अपने देश का समर्थन करता है. प्रत्येक प्रशंसक इस मैच का बेसब्री से इंतजार करता है और उसका ध्यान इस खास मैच पर लगा रहता है.’’
बाबर ने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर अपेक्षाओं और इस मैच को लेकर बने माहौल के कारण खिलाड़ी थोड़ा नर्वस हो जाते हैं. यह इस पर निर्भर करता है कि आप इससे कैसे निपटते हैं तथा जितना आप बेसिक्स (बुनियादी चीजों) ध्यान लगाएंगे उतना ही एक खिलाड़ी के रूप में आपके लिए चीजें आसान हो जाएंगी. यह बेहद दबाव वाला मैच होता है और अगर आप शांत बने रहते हैं तथा अपनी कड़ी मेहनत और कौशल पर विश्वास रखते हैं तो चीजें आसान हो जाएंगी.’’
पाकिस्तान के कप्तान को 2022 के टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाने का अब भी मलाल है. उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि 2022 में हमें भारत के खिलाफ मैच जीतना चाहिए था लेकिन उन्होंने हमसे जीत छीन ली. सबसे अधिक पीड़ा जिंबॉब्वे के खिलाफ हार से हुई. भारत के खिलाफ हार से इसलिए दुख हुआ क्योंकि हमने तब अच्छी क्रिकेट खेली थी तथा लोग हमारे प्रदर्शन की तारीफ कर रहे थे.’’
Tags: Babar Azam, T20 World Cup
FIRST PUBLISHED : June 2, 2024, 14:31 IST
[ad_2]
Source link