[ad_1]

गर्मी अभी और सताएगी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर पश्चिम भारत में रविवार से लू का एक नया दौर शुरू हो सकता है। इसके प्रभाव से पूर्वी और पूर्वी मध्य भारत, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शनिवार को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिन पारा चढ़ने की संभावना है।
बीते 24 घंटे के दौरान हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण उत्तर प्रदेश, दक्षिण पूर्व राजस्थान, मध्य प्रदेश और दक्षिण पश्चिम बिहार के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43-46 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। अगले दो दिन के दौरान इसमें 2-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि की संभावना है। देश के अन्य हिस्से में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री ऊपर है। पूर्वी, मध्य और पश्चिम भारत में गर्मी झुलसा रही है और पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
गुजरात में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 और 12 जून को गुजरात के कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहेगी। गुजरात में मानसून की तय तारीख 15 जून है। हालांकि, संभावना है कि यह समय से पहले गुजरात में प्रवेश कर जाएगा।
[ad_2]
Source link