[ad_1]
IND vs PAK मुकाबला अमेरिका में खेला जाएगा दोनों टीमें इस हाईवोल्टेज मुकाबले के लिए कमर कस चुकी हैं
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप 2024 में जीत से शुरुआत करने वाली टीम इंडिया रविवार को पाकिस्तान से भिड़ेगी. टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें इससे पहले सात बार भिड़ चुकी हैं. इस हाईवोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम का पलड़ा भारी है. अपना पहला मैच मेजबान अमेरिका से सुपर ओवर में गंवाने वाली पाकिस्तानी टीम का मनोबल गिरा हुआ है. बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम पर जीत का दबाव है. अगर इस मुकाबले में भारतीय टीम को जीत मिली तो फिर पाकिस्तान का सुपर 8 में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा. टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा भीड़ खींचने वाला मुकाबला 34000 दर्शक क्षमता वाले नासाउ काउंटी इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला जाएगा.
इस मैदान की पिच लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है. अब तक इस स्टेडियम पर हुए तीन मैचों की 6 पारियों में दो बार ही टीमें सौ रन के पार पहुंच सकी है. एडीलेड ओवल के मैदानकर्मी डेमियन हाउज के मार्गदर्शन में अप्रैल में यहां चार ‘ड्रॉप इन’ पिचें बिछाई गई जो अभी तक जम नहीं पाई हैं. पिच से मिल रहा असमान उछाल बल्लेबाजों की सुरक्षा पर सवालिया ऊंगली उठा रहा है. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को आयरलैंड के खिलाफ मैच में कंधे में चोट लगी थी जिससे उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा.
‘पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हर खिलाड़ी को योगदान देना होगा’
रोहित ने मैच के बाद कहा था ,‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि पिच से क्या अपेक्षा की जाए. हम हालात के अनुरूप तैयारी करेंगें. पाकिस्तान (IND vs PAK) के खिलाफ मैच में हर खिलाड़ी को योगदान देना होगा.’ किस्तान टीम ने अभी तक नासाउ स्टेडियम पर खेला नहीं है. पहले मैच में अमेरिका से हारने वाली पाकिस्तानी टीम बृहस्पतिवार की रात ही यहां पहुंची है. उन्हें हालात के अनुरूप ढलने का मौका नहीं मिल सका है जिसका उन्हें नुकसान हो सकता है.
तब पाकिस्तान का सुपर 8 में पहुंचना लगभग असंभव हो जाएगा
भारत से हारने पर सुपर आठ चरण में उसके प्रवेश की राह लगभग असंभव हो जाएगी. आयरलैंड के खिलाफ भारत ने बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को नहीं उतारा और एक अतिरिक्त विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को जगह दी गई. पाकिस्तान के खिलाफ भी यही संयोजन रहने की उम्मीद है क्योंकि मैच ऐसी टर्फ पर खेला जाएगा जो नयी है. दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड अलग टर्फ पर आठ जून को खेल रहे हैं. बल्लेबाजी में रोहित और विराट कोहली पारी का आगाज करेंगे जबकि ऋषभ पंत तीसरे नंबर पर उतरेंगे.
बाबर के सामने पहले मैच में में मिली हार को भुलाने की चुनौती
दूसरी ओर पाकिस्तान के सामने बड़ी चुनौती पहले मैच में मिली हार को भुलाने की है. अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में सुपर ओवर में मिली हार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पाकिस्तान टीम इतनी अप्रत्याशित क्यो मानी जाती है. बाबर ने हार का ठीकरा गेंदबाजों पर फोड़ा लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि बल्लेबाजों ने भी निराश किया. खुद बाबर ने 44 रन बनाने के लिए 43 गेंद खेल डाली. वैसे तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर शाहीन शाह अफरीदी की अगुवाई में पाकिस्तान का तेज आक्रमण कहर बरपाने का दम रखता है बशर्ते वे अपनी क्षमता के साथ न्याय करें. भारत के ग्रुप में पाकिस्तान, आयरलैंड, अमेरिका और कनाडा की टीमें हैं.
Tags: Babar Azam, IND vs PAK, Rohit sharma, T20 World Cup
FIRST PUBLISHED : June 8, 2024, 18:14 IST
[ad_2]
Source link