[ad_1]
T20 World Cup 2024 India vs Pakistan Preview: टी20 वर्ल्ड कप में आज भारत के सामने पाकिस्तान की चुनौती है. न्यूयॉर्क के नासाऊ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जब दोनों टीमें उतरेंगी तो सबकी नजरें पिच पर होंगी. इस मैदान पर अब तक खेले गए 4 मैचों में पिच की चर्चा ही सबसे ज्यादा हुई है. यहां कि बाउंसी पिच पर गेंदबाजों को काफी पसंद आ रही है, लेकिन बल्लेबाजी काफी मुश्किल है. शुरू के 2 मैचों में तो यहां 100 रन का आंकड़ा भी किसी टीम ने नहीं छुआ था. कनाडा ने आयरलैंड के खिलाफ 137/7 का स्कोर बनाया था जो अभी तक यहां हाईएस्ट स्कोर है. ऐसे में फैंस को भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान भी बड़े स्कोर की उम्मीद नहीं करनी चाहिए.
पिच को लेकर किसी को कुछ पता नहीं
मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा से जब पिच के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सीधा जवाब देते हुए कहा, ”यहां हर दिन पिच अलग तरह से व्यवहार कर रही है. पिच क्यूरेटर को भी पता नहीं है कितनी घास निकालनी चाहिए कितनी नहीं. जब वह इतने कंफ्यूज हैं तो हम लोग कितना सोच रहे हैं होंगे. जो टीम अच्छा खेलेगी वह जीतेगी. यहां की आउटफील्ड भी धीमी है.”
भारत नहीं, पाकिस्तान पर है दबाव
ग्रुप में पाकिस्तान का यह दूसरा मुकाबला है. उसे डलास में खेले गए पहले मैच में कमजोर कही जाने वाली अमेरिकी टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. बाबर आजम और उनकी टीम पर अपने अभियान को वापस पटरी पर लाने का बहुत दबाव है. दूसरी ओर, रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम ने आयरलैंड के खिलाफ इसी मैदान पर आठ विकेट से जीत दर्ज करके टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की थी.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK Head to Head: 19 महीने बाद टी20 में भारत-पाकिस्तान मुकाबला, हेड टू हेड रिकॉर्ड में रोहित सेना भारी
रोहित पर सबकी नजर
रोहित शर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाकर टी20 वर्ल्ड कप में शानदार शुरुआत की. भारतीय कप्तान ने मुश्किल विकेट पर बाउंड्री लगाने की पहल की, जिससे उनके बेहतरीन शॉट सामने आए. अगर वह पाकिस्तान के मजबूत तेज गेंदबाजों के खिलाफ टीम को ऐसी ही शुरुआत दे पाते हैं, तो भारत मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर लेगा. हालांकि,. हिटमैन का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है. उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 11 मैच खेले हैं और इस दौरान एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए. रोहित ने 11 मैचों की 10 पारियों में सिर्फ 114 रन बनाए हैं. उनका औसत 14.25 और स्ट्राइक रेट 118.75 का रहा है. वह इस रिकॉर्ड को यहां सुधारना चाहेंगे.
#TeamIndia gearing up for the #INDvPAK clash in New York #T20WorldCup pic.twitter.com/V9Q3qjsFEa
— BCCI (@BCCI) June 8, 2024
कोहली का रिकॉर्ड शानदार
विराट कोहली की बात करें तो वह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में हमेशा चले हैं. उनका बल्ला जमकर रन बरसाता है. 35 साल के विराट ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में अब तक 10 मैच खेले हैं और इस दौरान ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाए हैं. कोहली के नाम पाकिस्तान के खिलाफ 10 मैचों की 10 पारियों में 488 रन है. उनका औसत 81.33 और स्ट्राइक रेट 123.85 का रहा है. विराट ने 5 फिफ्टी लगाई है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ कैसा है विराट कोहली और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड?
दोनों टीमों की गेंदबाजी शानदार
एक समय था जब कहा जाता था कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाजों और पाकिस्तानी गेंदबाजी में मुकाबला ज्यादा होता था. भारतीय गेंदबाजों की बात नहीं होती थी, लेकिन अब समय बदल गया है. मौजूदा समय में पाकिस्तान से बेहतर गेंदबाजी भारत की हो गई है. यह मैच दो बॉलिंग हैवीवेट टीमों के बीच होगा. पाकिस्तान के पास शाहीन अफरीदी, मोहम्मद आमिर, नसीम शाह और हारिस रऊफ हैं तो भारतीय आक्रमण में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह के साथ हार्दिक पांड्या हैं. हार्दिक ने तो पाकिस्तान के खिलाफ 6 मैचों में 11 विकेट लिए हैं. अर्शदीप ने भी पिछले टी20 वर्ल्ड कप में 3 विकेट चटकाए थे.
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल.
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), सैम अयूब, मोहम्मद रिजवान (विकेट कीपर), फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, आजम खान, शादाब खान, इमाद वसीम, हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, अब्बास अफरीदी, उस्मान खान, अबरार अहमद.
[ad_2]
Source link