[ad_1]
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन भले ही इस बार के आईसीसी टी20 विश्व कप में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा लेकिन कप्तान बाबर आजम कीर्तिमान बनाकर ही वापस लौटे. इस बार के टूर्नामेंट में टीम सुपर 8 में पहुंचने में नाकाम रही और पहले दौर से बाहर हो गई. आखिरी लीग मैच में पाकिस्तान के कप्तान ने भारत के दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ डाला. वह कप्तानों की एक खास लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं.
आईसीसी टी20 विश्व कप में अपने आखिरी लीग मैच में पाकिस्तान की टीम ने आयरलैंड के खिलाफ करीबी मुकाबले में जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही टीम ने अपने अभियान का अंत किया. अमेरिका के खिलाफ उलटफेर का शिकार होने के बाद भारत से मिली हार ने उसके सुपर 8 के दरवाजे लगभग बंद कर दिए थे. आयरलैंड और अमेरिका के बीच मैच के बारिश की वजह से रद्द होने के बाद वह पूरी तरह से टूर्नामेंट से बाहर हो गई. आखिरी मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ बाबर आजम ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया.
बाबर आजम ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड
आयरलैंड के खिलाफ 32 रन की पारी के दौरान बाबर आजम ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ डाला. अब पाकिस्तान के कप्तान आईसीसी टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तानों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं. धोनी ने 29 पारी में 529 रन बनाए थे. बाबर के नाम अब 17 पारी में 549 रन हो गए हैं.
तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के केन विलियमसन हैं जिनके खाते में 19 पारी से 527 रन हैं. इस आईसीसी टी20 विश्व कप में न्यू पापुआ गिनी के खिलाफ अभी कीवी कप्तान को एक मैच खेलना है जिसमें वह बाबर आजम को पीछे छोड़ सकते हैं. श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने 360 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं. 352 रन बनाने वाले साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं.
FIRST PUBLISHED : June 17, 2024, 18:19 IST
[ad_2]
Source link