[ad_1]
Summer Olympic Games 2024: ओलंपिक गेम्स की शुरुआत इस साल 26 जुलाई को होगी. फ्रांस की राजधानी पेरिस में इस बार खेलों का आयोजन होना है. करीब एक महीने बाद होने वाले दुनिया के सबसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट को लेकर एक बुरी खबर सामने आई है. ओलंपिक के दौरान एथलीटों का स्वास्थ्य जोखिम में पड़ सकता है, क्योंकि उस समय फ्रांस की राजधानी में भीषण गर्मी पड़ सकती है. पेरिस खेलों के दौरान तापमान औसत से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक हो सकता है, जिससे एथलीटों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है.
पेरिस में टूटेगा गर्मी का रिकॉर्ड
जुलाई और अगस्त में ओलंपिक खेलों और पैरालिंपिक खेलों के दौरान यूरोपीय गर्मी अपने चरम पर होगी. 2020 टोक्यो ओलंपिक (COVID-19 महामारी के कारण 2021 में आयोजित हुआ था) इतिहास में अब तक का सबसे गर्म खेल था. अब लग रहा है कि उसका रिकॉर्ड पेरिस में टूट जाएगा. CBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, पेरिस उस रिकॉर्ड को तोड़ सकता है क्योंकि जुलाई और अगस्त में यूरोप में स्थितियां अधिक गर्म होंगी.
हीटवेव में हुई बढ़ोतरी
पेरिस में गर्मी की लहरों की तीव्रता में वृद्धि हो रही है. गांव की तुलना में शहरों में ज्यादा गर्मी होगी. 2019 में पेरिस में ज्यादा गर्मी हुई थी. उस समय तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. हाल के वर्षों में हीटवेव में बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण एथलीटों को ओलंपिक में हिस्सा लेने के बारे में फिर से विचार करना पड़ रहा है. हालांकि, हीटवेव के कारण एथलीटों के हटने का कोई विशेष मामला सामने नहीं आया है. फिर भी अधिकारी इस बात को लेकर थोड़ा तनाव में हो सकते हैं कि ओलंपिक के लिए पेरिस में बड़ी संख्या में इंटरनेशनल फैंस मौजूद होंगे.
टोक्यों में एथलीट्स को हुई थीं उल्टियां
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि 2023 में फ्रांस में भीषण गर्मी के कारण 5000 से ज्यादा मौतें दर्ज की गईं. अगर इस साल भी यही ट्रेंड जारी रहा, तो प्रशंसक पेरिस ओलंपिक से मुंह मोड़ सकते हैं. टोक्यो ओलंपिक में एथलीट्स को उल्टी हुई और यहां तक कि वे फिनिश लाइन पर बेहोश भी हो गए. लगभग हर 100 एथलीट में से एक गर्मी से संबंधित बीमारी से पीड़ित था. ऐसे में पेरिस ओलंपिक में खिलाड़ियों के स्वास्थ्य को लेकर अधिकारी विशेष ध्यान देंगे.
[ad_2]
Source link