[ad_1]
Tension Increased on Korea Border: दक्षिण कोरियाई सेना ने शुक्रवार को कहा कि बीते दिन उत्तरी कोरिया के सैनिक एक बार फिर जमीनी सीमा को अस्थायी तौर पर क्रॉस कर उनकी सीमा में आ गए. जिसके बाद सैनिकों ने चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं. इस महीने में तीसरी बार उत्तर कोरियाई सैनिकों ने जमीनी सीमा पार की है.
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने बताया कि उत्तर कोरिया के कई सैनिक सीमा के उत्तरी भाग में अज्ञात निर्माण कार्य में लगे हुए हैं. उन्होंने बताया कि ये सैनिक गुरुवार को दोपहर करीब 11 बजे दोनों देशों को विभाजित करने वाली सैन्य सीमा में थोड़ी दूर तक घुस आए थे.
चेतावनी देते हुए चलाई गोलियां
दक्षिण कोरियाई सेना ने चेतावनी देते हुए गोलियां चलाईं, जिसकी वजह से उत्तर कोरियाई सैनिकों को वापस होना पड़ा. ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ ने तत्काल ज्यादा विवरण नहीं जारी किया.
जानबूझकर नहीं की गई थी घुसपैठ
दक्षिण कोरियाई सेना ने कहा कि उसे लगता है कि इस महीने में पहले दो बार हुई घुसपैठ जानबूझकर नहीं की गई थी क्योंकि उत्तर कोरियाई सैनिक चेतावनी के रूप में गोलियां चलाए जाने के बाद वापस लौट गये थे और उन्होंने जवाब में गोलियां नहीं चलाईं.
दक्षिण कोरियाई सेना का कहना है कि उसने अप्रैल से अग्रिम सीमावर्ती इलाकों में उत्तर कोरिया की निर्माण गतिविधियों में वृद्धि देखी है. इन गतिविधियों में संदिग्ध टैंक रोधी अवरोधकों को स्थापित करना, सड़कें बनाना और बारूदी सुरंगे बिछाना शामिल है.
दक्षिण कोरियाई ग्रुप ने उड़ाए गुब्बारे
इससे पहले दक्षिण कोरियाई कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को कहा कि उसने उत्तर कोरिया की ओर फिर से उत्तर कोरिया विरोधी प्रचार पर्चे से भरे गुब्बारे उड़ाए हैं. दोनों देशों द्वारा गुब्बारे उड़ाये जाना एक ऐसा अभियान है, जिसने प्रतिद्वंद्वियों के बीच दुश्मनी को और बढ़ा दिया है.
दक्षिण कोरियाई नागरिक समूह ने कहा कि उसने गुरुवार रात को दक्षिण कोरिया के सीमावर्ती शहर पाजू से 20 गुब्बारे उड़ाए, जिसमें तीन लाख पर्चे, दक्षिण कोरियाई पॉप गाने व टीवी नाटकों के साथ पांच हजार यूएसबी स्टिक और अमेरिकी डॉलर वाले बिल की तीन हजार पर्चियां थीं.
(इनपुट – एजेंसी )
.
[ad_2]
Source link