[ad_1]
भारतीय टीम आंकड़ों में ऑस्ट्रेलिया पर भारी 5 बार टी20 विश्व कप में दोनों टीमें भिड़ चुकी हैं
नई दिल्ली. भारतीय टीम अजेय रहते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2024 सुपर 8 के अपने आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया से टकराने वाली है. टीम इंडिया लगातार 5 मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुकी है. ग्रोस आइलेट के डैरेन सैमी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम पूरी तरह तैयार है. ऑस्ट्रेलियाई टीम को 36 घंटे के भीतर दूसरा मैच खेलना पड़ रहा है. उसे अफगानिस्तान के खिलाफ 21 रन से अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है. टी20 इंटरनेशनल मैचों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी दोनों टीमें कई बार टकरा चुकी हैं जहां भारत हावी रहा है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया (IND vs AUS) की टीमें टी20 इंटरनेशनल मैचों में अभी तक 31 बार आमने सामने हो चुकी हैं. इस दौरान भारत 19 मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रहा है जबकि ऑस्ट्रेलिया को 11 मैचों में जीत मिली है. एक मैच बेनतीजा रहा है. टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की 5 बार टक्कर हुई है जहां टीम इंडिया ने 4 मैच जीते हैं वहीं ऑस्ट्रेलिया को एक जीत नसीब हुई है. भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें डैरेन सैमी नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार टकराएंगी. इस वेन्यू पर अभी तक 23 टी20 मैच खेले गए हैं जहां पहले बैटिंग करने वाली टीम को 12 मैचों में जीत मिली है वहीं चेज करने वाली टीम 11 मैचों में विजयी रही है.
सेंट लूसिया में भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने इस वेन्यू पर 3 मैच खेले हैं जहां 2 में उसे जीत मिली है जबकि एक मैच में उसे हार नसीब हुई है. ऑस्ट्रेलिया ने यहां 10 मैच खेले हैं जहां उसे 6 में जीत मिली है वहीं 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. इस वेन्यू पर हाईएस्ट टोटल 218 रन रहा है. मेजबान वेस्टइंडीज ने इसी विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ यह स्कोर बनाया था.
ऑस्ट्रेलिया की बढ़ीं मुश्किलें
अफगानिस्तान के खिलाफ हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उसे सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए भारत को हर हाल में हराना होगा. हालांकि यह ऑस्ट्रेलिया के लिए आसान नहीं है क्योंकि टीम इंडिया लगातार 5 मैच जीतकर इस विश्व कप में अजेय है. भारत की कोशिश लगातार छठा मैच जीतकर सेमीफाइनल में एंट्री की होगी.
Tags: Icc T20 world cup, IND vs AUS, India vs Australia
FIRST PUBLISHED : June 23, 2024, 19:27 IST
[ad_2]
Source link