[ad_1]
सिर्फ 20 साल की उम्र में फिल्म ‘बूम’ से अपना करियर शुरू करने वाली अभिनेत्री कटरीना कैफ को अगले साल सिनेमा में आए 20 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस खास मौके का उत्सव वह निर्देशक श्रीराम राघवन की फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ के साथ मनाना चाहती हैं। फिल्म में उनके हीरो हैं दक्षिण के चर्चित अभिनेता विजय सेतुपति, जिन्हें कैटरीना एक बेहद ईमानदार इंसान मानती हैं। विजय और कटरीना की ये फिल्म इसी साल क्रिसमस पर रिलीज करने का इसकी निर्माता कंपनी टिप्स की तरफ से इसके निर्देशक श्रीराम राघवन पर काफी दबाव रहा है लेकिन फिल्म के निर्माण से जुड़े लोग बताते हैं कि श्रीराम अपने काम को तभी पूरा मानते हैं जब वह खुद उससे संतुष्ट हों।
फिल्म का अभी एक लंबा शेड्यूल शूट होना बाकी है और इसके बाद फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन शुरू होगा। ऐसे में फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ का इस साल रिलीज हो पाना मुश्किल है। हां, जिन लोगों ने भी फिल्म के रशेज देखे हैं, वह इसमें कटरीना और विजय दोनों के अभिनय की खूब तारीफें कर रहे हैं। कैटरीना की एक फिल्म ‘फोन भूत’ अगले शुक्रवार को रिलीज होने वाली है लेकिन इसे लेकर बॉक्स ऑफिस पर किसी तरह की गर्मी नहीं दिख रही है। फिल्म में उनके साथ सिद्धांत चतुर्वेदी और ईशान खट्टर हैं जिनकी पिछली फिल्मों का हाल बेहाल रहा है।
उधर, रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सर्कस’ के लिए सलमान खान अपनी फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ को अगले साल ईद के लिए खिसका चुके हैं और अब संभावना यही बन रही है कि इस साल क्रिसमस पर रणवीर सिंह और वरुण शर्मा स्टारर ‘सर्कस’ सोलो रिलीज फिल्म होगी। इसी दिन रिलीज के लिए प्रस्तावित टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘गणपत पार्ट 1’ की रिलीज भी आगे खिसकने के आसार बन रहे हैं। फिल्म ‘मेरी क्रिससम’ की रिलीज को आगे खिसकाने को लेकर चल रही मशक्कत के पीछे फिल्म ‘फोन भूत’ को लेकर दर्शकों में उत्साह गायब होना भी बताया जा रहा है।
कटरीना कैफ को बॉक्स ऑफिस पर सफलता दिलाने में अभिनेता सलमान खान का खास हाथ रहा है और वह उन्हें अब भी सबसे प्यारा इंसान मानती हैं। सलमान खान के साथ कटरीना की अगली फिल्म ‘टाइगर 3’ की रिलीज अब अगले साल क्रिसमस पर होने वाली है और उसके पहले कटरीना के पास ले देकर सिर्फ ‘मेरी क्रिसमस’ ही एक ढंग की फिल्म है जिस पर उनका और विजय सेतुपति दोनों का हिंदी सिनेमा का आगे का सफर टिका हुआ है। कटरीना कैफ की एक और फिल्म ‘जी ले जरा’ की शूटिंग शुरू होना बाकी है, जिसमें वह प्रियंका चोपड़ा और आलिया भट्ट के साथ नजर आएंगी।
अपने से पांच साल छोटे विकी कौशल से बीते साल शादी करने वाली कटरीवा कैफ अगले साल 40 साल की होने जा रही हैं। इस उम्र में अब वह ऐसे किरदार करने की ख्वाहिश रखती हैं जिसमें उनके देह प्रदर्शन से ज्यादा उनके अभिनय पर निर्देशक फोकस कर सकें। लेकिन, उनके हिंदी उच्चारण की दिक्कत और अपनी आवाज खुद डब करने की उनकी शर्त के चलते तमाम फिल्म निर्माता और निर्देशक चाहकर भी उन्हें दमदार किरदार ऑफर नहीं कर पाते हैं।
[ad_2]
Source link