[ad_1]
आईपीएल के आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी शुक्रवार (23 दिसंबर) को होनी है। पिछली बार की तरह इस बार बड़ी नीलामी नहीं होगी। इस बार 10 टीमों के पास कुल 87 स्थान ही खाली है। नीलामी के लिए 405 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। पिछली बार इसका आयोजन बेंगलुरु में हुआ था। वहीं, इस बार कोच्चि में खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। नीलामी में पिछली बार ईशान किशन को सबसे ज्यादा कीमत मिली थी। इस बार देखना है कि कौन सबसे ज्यादा पैसे ले जाता है। उससे पहले हम आपको हर नीलामी में सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं…
महेंद्र सिंह धोनी (2008)
महेंद्र सिंह धोनी ने 2007 में भारतीय टीम को टी20 विश्व कप में चैंपियन बनाया था। उस समय वह दुनिया में बड़े स्टार बन चुके थे। आईपीएल के पहले सीजन के लिए जब खिलाड़ियों की बोली लगी तो चेन्नई सुपरकिंग्स ने उन्हें उस समय 9.5 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
केविन पीटरसन और एंड्रयू फ्लिंटॉफ (2009)
2009 में उस समय के दो इंग्लिश स्टार केविन पीटरसन और एंड्रयू फ्लिंटॉफ पर पैसों की बारिश हुई थी। फ्लिंटॉफ को चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) और पीटरसन को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने अपनी टीम में शामिल किया था। आरसीबी ने पीटरसन को 9.8 करोड़ रुपये तो सीएसके ने इतनी ही राशि में फ्लिंटॉफ को खरीदा था।
शेन बॉन्ड और कीरोन पोलार्ड (2010)
कोलकाता नाइटराइडर्स ने न्यूजीलैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज शेन बॉन्ड और मुंबई इंडियंस ने वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड पर बोली लगाई थी। मिनी ऑक्शन में दोनों को 4.8 करोड़ रुपये में मिले थे। बॉन्ड कोलकाता के लिए ज्यादा दिन तक नहीं खेल पाए। वहीं, पोलार्ड मुंबई इंडियंस के दिग्गज खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इसी साल आईपीएल से संन्यास लिया है।
गौतम गंभीर (2011)
2011 में भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर की किस्मत चमकी थी। कोलकाता नाइटराइडर्स ने सौरव गांगुली को टीम से हटा दिया था। उसे एक नए कप्तान की जरूरत थी। कोलकाता ने ऐसे में गौतम गंभीर पर दांव खेला। उसने गंभीर को 14.9 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। गंभीर टीम के कप्तान बने और दो बार चैंपियन बनाया।
[ad_2]
Source link