[ad_1]
India vs Sri Lanka, Ruturaj Gaikwad: भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मैच में गुरुवार को 16 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी. टी20 सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी संभाल रहे हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता और श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. मेहमान टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 206 रन बनाए, जिसके बाद भारतीय टीम 8 विकेट पर 190 रन ही बना सकी. इस बीच एक ऐसा खिलाड़ी भी रहा जिसे हार्दिक ने लगातार दूसरे टी20 मैच में मौका नहीं दिया.
गायकवाड़ को मिली मायूसी
धुरंधर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतने के बाद जब प्लेइंग-11 का जिक्र किया तो बहुत से लोगों को लगा कि वह इसमें ऋतुराज गायकवाड़ को शामिल करेंगे, लेकिन उनकी उम्मीदें टूट गईं. हार्दिक ने टीम में दो बदलाव तो किए लेकिन ऋतुराज को मौका नहीं मिला. राहुल त्रिपाठी ने इंटरनेशनल डेब्यू किया जबकि हर्षल पटेल की जगह पेसर अर्शदीप सिंह को मौका शामिल किया गया. ऋतुराज टीम के साथ तो हैं लेकिन उन्हें लगातार दूसरे मैच में मायूसी झेलनी पड़ी.
गिल ने खराब किए मौके
कप्तान हार्दिक ने शुभमन गिल को श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में दोनों मैचों में मौका दिया लेकिन वह बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके. उन्होंने ओपनिंग करते हुए सीरीज के दो मैचों में केवल 12 रन बनाए. गिल ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पिछले मैच में केवल 7 रन बनाए थे. वह इस मुकाबले में भी कुछ खास नहीं कर सके और 3 गेंदों पर महज 5 रन बनाकर चलते बने. ऐसे में सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने लिखा भी कि अगर ऋतुराज टीम में होते तो परिणाम बदल सकता था.
एक साल से टीम से बाहर
25 साल के ऋतुराज गायकवाड़ ने अभी तक एक वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. उन्होंने टी20 डेब्यू साल 2021 में श्रीलंका के खिलाफ किया था. वह आखिरी बार डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में टीम इंडिया की जर्सी में नजर आए थे. उन्होंने वनडे में केवल 19 और टी20 अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में एक अर्धशतक की बदौलत कुल 135 रन बनाए हैं. आईपीएल में दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धमाल मचाने वाले ऋतुराज आक्रामक अंदाज में खेलते हैं. उन्होंने अपने ओवरऑल टी20 करियर में 90 मैचों में 133.36 के स्ट्राइक रेट से कुल 2836 रन बनाए हैं.
पाठकों की पहली पसंद Zeenews.com/Hindi– अब किसी और की ज़रूरत नहीं
[ad_2]
Source link