[ad_1]
हाइलाइट्स
टी20 वर्ल्ड कप में आज होगी भारत और पाकिस्तान की भिड़त
आंकड़ों में टीम इंडिया के आगे बौनी है पाकिस्तान की टीम
नई दिल्ली. साउथ अफ्रीका के केपटाउन में रविवार को भारत और पाकिस्तान की टीमें मुकाबिल होंगी. आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2023 में ये दोनों टीमों का पहला मैच होगा. गलती की गुंजाइश कोई नहीं छोड़ना चाहेगा. टीम इंडिया और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 13 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 10 में जीत दर्ज की है. पाकिस्तान को 3 मैचों में ही कामयाबी नसीब हुई. दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत एशिया कप 2022 में हुई थी, जिसमें भारत को 13 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी. हालांकि, इस टूर्नामेंट में चैंपियन टीम इंडिया ही बनी थी.
एशिया कप में भारत को हराने में पाकिस्तान की ऑलराउंडर निदा डार (Nida Dar) का अहम किरदार था. निदा ने उस मैच में 37 गेंद में ताबड़तोड़ 5 चौके और एक छक्का जड़ 56 रन बनाए थे. मैच में उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 23 रन खर्च कर 2 विकेट भी लिए. टी20 में निदा भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली पाकिस्तानी गेंदबाज हैं. उनके नाम 13 मैचों में 10 विकेट दर्ज हैं. इंटरनेशनल टी20 में निदा ने कुल 121 विकेट लिए हैं. उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ वेस्टइंडीज की अनीसा मोहम्मद (125) ने हासिल किए हैं. 36 साल की निदा डार के क्रिकेटर बनने की कहानी दिलचस्प है.
भाई को पसंद नहीं था बहन का क्रिकेट खेलना
निदा डार पाकिस्तान के गुजरांवाला में पैदा हुईं, जिसे पहलवानों का शहर कहा जाता है. बाद में उनका परिवार लाहौर शिफ्ट हो गया. निदा को क्रिकेट खेलने का शौक बचपन से था. पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान उन्हें खेलने का मौका भी मिला. निदा के भाई उनके क्रिकेट खेलने के सख्त खिलाफ थे. निदा चोरी छिपे खेलकर यूनिवर्सिटी टीम की कैप्टन बन गईं. निदा के भाई दूसरे शहर में नौकरी करते थे और सप्ताह में दो दिन के लिए घर आते. उन दिनों निदा घर के बाहर नहीं निकलतीं. जब निदा की कप्तानी में यूनिवर्सिटी की टीम ने बड़ा खिताब जीता तो उन्होंने मीडिया में अपना नाम गलत छपवाया, ताकि भाई को अखबार के जरिए उनकी हकीकत न पता चल जाए. निदा जब मैदान में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर नाम कमाती रहीं तो उनके भाई भी राजी हो गए.
छोटे बाल, अफरीदी जैसा अंदाज
छोटे बाल रखने वाली दाएं हाथ की ऑफ स्पिनर निदा डार क्रिकेट जगत में लेडी बूम-बूम के नाम से मशहूर हैं. निदा न सिर्फ शाहिद अफरीदी की तरह आक्रामक बैटिंग करती है बल्कि विकेट लेने पर उन्हीं के अंदाज में जश्न भी मनाती हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: ICC T20 Women World Cup, India Vs Pakistan, Indian Womens Cricket, Pakistan cricket, Women’s T20 World Cup
FIRST PUBLISHED : February 12, 2023, 08:27 IST
[ad_2]
Source link