[ad_1]
हिंदी सिनेमा में फिल्म ‘डिस्को डांसर’ से सुपरस्टार का तमगा हासिल करने वाले मिथुन चक्रवर्ती का उत्साह और ऊर्जा अब भी पहले जैसा ही है। 72 साल के हो चुके मिथुन को एक बार फिर से स्टेज पर थिरकते देखने का मौका यहां मुंबई के लोगों को बरसों बाद शनिवार की शाम फिर मिला। मौका था उनके छोटे बेटे नमोशी की फिल्म ‘बैड बॉय’ की संगीत संध्या का और उनका स्वागत करने के लिए यहां हजारों की तादाद में दर्शक जुटे। हिंदी सिनेमा के कई दिग्गज सितारे भी इस मौके पर नमोशी का हिंदी सिनेमा में स्वागत करने को मौजूद रहे।
मिथुन चक्रवर्ती के बेटे नमोशी चक्रवर्ती के लिए उनकी डेब्यू फिल्म ‘बैड बॉय’ किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। फिल्म के प्रमोशन में नमोशी चक्रवर्ती खूब जमकर मेहनत कर रहे हैं। शनिवार की शाम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स के एमएमआरडीए ग्राउंड में फिल्म के गानों को लेकर एक संगीत संध्या का आयोजन किया गया। फिल्म के संगीतकार हिमेश रेशमिया ने इस मौके पर अपने हिट गानों पर शानदार परफॉर्मेंस दी। फिल्म ‘बैड बॉय’ के निर्देशक राजकुमार संतोषी की हिट फिल्मों की एक शोरील भी इस मौके पर दिखाई गई।
फिल्म ‘बैड बॉय’ के संगीतमय कार्यक्रम के दौरान नमोशी चक्रवर्ती भी अपनी फिल्म की नायिका अमरीन के साथ परफॉर्मेंस देते नजर आए। उन्होंने अपने पिता मिथुन चक्रवर्ती की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘डिस्को डांसर’ के टाइटल गीत पर जमकर डांस किया और इस दौरान वह काफी भावुक नजर आए। पहली बार वह अपने पिता मिथुन चक्रवर्ती के सामने उन्हीं के गाने पर इस तरह के कार्यक्रम में परफॉर्म कर रहे थे।
नमोशी का हिंदी फिल्म जगत में स्वागत करने के लिए इस कार्यक्रम में मिथुन चक्रवर्ती के अलावा फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी, जैकी श्रॉफ, गोविंदा, सुनील शेट्टी, गुलशन ग्रोवर जैसे सितारे भी पहुंचे। सबने नमोशी चक्रवर्ती का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम की मेजबानी भारती सिंह ने अपने पति हर्ष लिंबाचिया के साथ की।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बैड बॉय’ रोमांटिक, इमोशनल और कॉमेडी फिल्म है। फिल्म की कहानी दो युवाओं के इर्द गिर्द घूमती है, जो एक साथ रहने के अपने रास्ते में आने वाली परेशनियों से लड़ने के लिए तैयार रहते हैं। फिल्म में नमोशी चक्रवर्ती और अमरीन के अलावा जॉनी लीवर, राजपाल यादव, शाश्वत चटर्जी, राजेश शर्मा और दर्शन जरीवाला की मुख्य भूमिकाएं हैं। फिल्म का निर्माण साजिद कुरैशी और अंजुम कुरैशी ने किया है। यह फिल्म अगले हफ्ते 28 अप्रैल को रिलीज होने जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- Samantha Ruth Prabhu: सामंथा ने निर्माता चिट्टीबाबू पर कसा तंज, कहा- लोगों ने अपने कान में बाल उगा लिए हैं
[ad_2]
Source link