[ad_1]
नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल 2023 में भी उम्मीद के मुताबिक अब तक प्रदर्शन नहीं कर सकी है. 5 बार की चैंपियन टीम को एक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 13 रन से हराया. यह रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई की 6 मैचों में तीसरी हार है. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर ने पंजाब के खिलाफ एक ओवर में 31 रन लुटाए. वे टीम के इतिहास के दूसरे महंगे गेंदबाज बने. अब देखना होगा कि मुंबई की टीम उन्हें आगे मौका देती है या नहीं. इससे पहले गुजरात टाइटंस के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल ने केकेआर के खिलाफ 20वें ओवर में 31 रन लुटाए थे. तब से उन्हें अब तक दोबारा खेलने का मौका नहीं मिला है.
मैच की बात करें, तो पंजाब किंग्स ने पहले खेलते हुए 8 विकेट पर 214 रन बनाए. कप्तान सैम करेन ने 29 गेंद पर 55 रन बनाए. जवाब में मुंबई इंडियंस ने जोरदार संघर्ष किया, लेकिन टीम 6 विकेट पर 201 रन तक ही पहुंच सकी. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अंतिम ओवर में 2 बड़े विकेट लेकर मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट झटके.
अंतिम 5 ओवर में 96 रन बने
पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 4 विकेट पर 118 रन था. ऐसे में लग रहा था कि टीम 170 तक पहुंच जाएगी. लेकिन 16वें ओवर में सैम करेन और हरप्रीत सिंह ने अर्जुन तेंदुलकर के ओवर में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 31 रन बटोरे. पहली गेंद पर करेन ने लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा. अगली गेंद वाइड रही. दूसरी गेंद पर करेन ने चौका लगाया. तीसरी गेंद पर एक रन लिया. चौथी गेंद पर हरप्रीत ने चौका जड़ा. 5वीं गेंद पर छक्का मारा. अगली गेंद नोबॉल रही और हरप्रीत ने इस पर भी चौका बटोरा. अंतिम गेंद पर भी हरप्रीत ने चौका लगाया. अर्जुन तेंदुलकर ने 3 ओवर में 48 रन देकर एक विकेट लिया.
दूसरी बार बने 30 से अधिक रन
पंजाब के बल्लेबाज यहीं नहीं रूके. 17वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने 13, 18वें ओवर में कैमरन ग्रीन ने 25, 19वें ओवर में आर्चर ने 10 तो 20वें ओवर में जेहन बेहरेनडोर्फ ने 17 रन दिए. पंजाब किंग्स ने अंतिम 5 ओवर में 96 रन बनाए. यह टी20 लीग के इतिहास का किसी टीम का दूसरा बेस्ट प्रदर्शन है. आईपीएल इतिहास की बात करें, ताे 23 साल के अर्जुन तेंदुलकर एक ओवर में सबसे अधिक रन देने वाले मुंबई इंडियंस के दूसरे गेंदबाज हैं. इससे पहले 2022 में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज डेनियल सैम्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सबसे अधिक 35 रन लुटाए थे. इसके अलावा कभी भी मुंबई के गेंदबाज ने एक ओवर में 30 या उससे अधिक रन नहीं दिए हैं.
IPL 2023 का सबसे बड़ा रोमांच, 12 गेंद पर बने सिर्फ 6 रन और 6 विकेट गिरे, चैंपियन हुए धराशायी
इसके अलावा 2014 में पवन सुयाल ने आरसीबी के खिलाफ 28, 2017 में मिचेल मैक्लींघन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 28 और 2019 में तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक ओवर में 28 रन लुटाए थे. मुंबई की यह आईपीएल 2023 में 6 मैचों में तीसरी हार है. टीम 6 अंक के साथ प्वाइंट टेबल में 7वें नंबर पर है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Arjun tendulkar, IPL, IPL 2023
FIRST PUBLISHED : April 23, 2023, 07:02 IST
[ad_2]
Source link