[ad_1]
नई दिल्ली. दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2023 में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद पर रोमांचक जीत दर्ज की. इस मुकाबले का अंत भी आखिरी ओवर में हुआ और यह कहना गलत नहीं होगा कि दिल्ली ने हैदराबाद के जेब से जीत निकालकर अपनी झोली में डाल लिया. दिल्ली ने मैच को दो बार पलटा. एक बार जब वह 62 रन पर 5 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी. दूसरी बार तब जब हैदराबाद को आखिरी ओवर में 13 रन बनाने थे, लेकिन दिल्ली ने उसे ऐसा नहीं करने दिया. वैसे तो इस मैच में कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. लेकिन सबसे बेहतरीन प्रदर्शन ‘बापू’ कहे जाने वाले अक्षर पटेल का रहा.
प्लेयर ऑफ द मैच अक्षर पटेल ने बैट और बॉल दोनों से ही सनराइजर्स हैदराबाद के अरमानों पर पानी फेरने का काम किया. तभी तो जब हर्ष भोगले ने अक्षर से पूछा कि 62 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद जब बैटिंग के लिए आना पड़ा तो आप क्या सोच रहे थे. अक्षर पटेल का जवाब बड़ा दिलचस्प था. अक्षर बोले, ‘सोचने का वक्त कहां था. मैंने तो कॉफी पीने के लिए ऑर्डर की थी. लेकिन एक ओवर में 3 विकेट गिरने के कारण कॉफी छोड़ बैटिंग के लिए आना पड़ा.’
अक्षर पटेल ने इस मैच में 34 गेंद पर 34 रन की पारी खेली. भले ही यह पारी धीमी लगे लेकिन इसकी अहमियत इस बात से लगाई जा सकती है कि अक्षर पटेल और मनीष पांडे ने टीम को 62/5 के स्कोर से 131/5 तक पहुंचाया. यानी दोनों ने 69 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी की बदौलत ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम 9 विकेट पर 144 रन बना सकी. मनीष पांडे ने भी अक्षर के बराबर ही रन बनाए.
जब अक्षर पटेल प्लेयर ऑफ द मैच की ट्रॉफी लेकर आए तो हर्ष भोगले ने मजाक करते हुए कहा कि इतनी ट्रॉफी कहां रखेंगे. एक बार फिर अक्षर पटेल का जवाब दिल जीतने वाला था. अपने सेंस ऑफ ह्यूमर के लिए पहचाने जाने वाले अक्षर ने कहा, ‘हां ट्रॉफियां बढ़ी जा रही हैं. इसके लिए नया घर लेना होगा. सोचता हूं कि एक बार पहले ट्रॉफियां जीत लूं, फिर तय करूंगा कि इसके लिए कितना बड़ा घर चाहिए होगा.’
अक्षर पटेल ने इस मैच में अपनी टीम की ओर से सिर्फ सबसे ज्यादा रन ही नहीं बनाए, सबसे ज्यादा विकेट भी उनके ही नाम रहे. अक्षर पटेल ने 4 ओवर के स्पेल में 21 रन देकर 2 विकेट झटके. एनरिक नॉर्किया ने भी 2 विकेट लिए, लेकिन इसके लिए उन्हें 33 रन खर्च करने पड़े.
डेविड वॉर्नर की कप्तानी में खेल रही दिल्ली कैपिटल्स की यह लगातार दूसरी जीत है. आईपीएल पॉइंट टेबल की बात करें तो दिल्ली के अब 4 अंक हो गए हैं. दिल्ली कैपिटल्स अपने शुरुआती 5 मैच हार गई थी. वह 10 टीमों के पॉइंट टेबल में अब भी आखिरी नंबर पर है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Axar patel, Delhi Capitals, IPL, IPL 2023, Sunrisers Hyderabad
FIRST PUBLISHED : April 25, 2023, 07:27 IST
[ad_2]
Source link