[ad_1]
हाइलाइट्स
दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 15 रन से हराया
पंजाब की हार से 2 टीमों के लिए प्लेऑफ की राह हुई आसान
नई दिल्ली. आईपीएल 2023 में लीग स्टेज के 6 मुकाबले ही बाकी हैं. लेकिन, अबतक प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है. गुजरात टाइटंस ही इकलौती ऐसी टीम है, जो प्लेऑफ में क्वालिफाई कर पाई है. बाकी 3 स्थानों के लिए अभी भी 7 टीमों के बीच टक्कर है. हालांकि, आईपीएल 2023 के 64वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद 2 टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने की राह थोड़ी आसान जरूर हो गई है.
आईपीएल 2023 के 64वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स पर 15 रन से जीत दर्ज की. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने 213 रन बनाए थे. जवाब में पंजाब की टीम 8 विकेट खोकर 198 रन बना पाई और मैच हार गई. इस हार से अब पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ की उम्मीद बेहद कमजोर हो गई है. पंजाब के 13 मैच हो चुके हैं और उसके 12 अंक हैं. पंजाब किंग्स को आखिरी मैच राजस्थान रॉयल्स से खेलना है. यानी पंजाब किंग्स अब 14 अंकों से आगे नहीं जा सकती.
पंजाब की स्थिति नेट रन के मामले में और खराब होती, अगर दिल्ली कैपिटल्स मैच में विकेट लेने के मौके नहीं गंवाती. पंजाब का नेट रन रेट (-0.308) 7वें स्थान पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स (-0.256) से थोड़ा खराब है. पंजाब अब पॉइंट्स टेबल में अब 8वें स्थान पर है.
4 टीमों के एक बराबर 12 अंक
कुल 4 टीमें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स के एक बराबर 12 अंक हैं. वहीं, 3 टीमें 14 अंक से ऊपर और एक के 14 अंक हैं. पंजाब किंग्स प्लेऑफ में प्लेऑफ में पहुंचने का समीकरण अगर-मगर में उलझ गया है. पंजाब किंग्स के लिए सबसे आसान रास्ता तो यही है कि कोई भी दूसरी टीम 14 अंक तक नहीं पहुंचे. ऐसा तभी हो सकता है जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स बाकी बचे मैच हार जाएं. वहीं, पंजाब किंग्स बाकी टीमों से पहले अपना आखिरी मुकाबला खेलेगी, ऐसे में उसे हर हाल में आखिरी मैच बड़े अंतर से जीतना होगा. साथ ही ये दुआ भी करनी होगी कि बाकी टीमों के नतीजे उसके पक्ष में आए.
पंजाब की हार से CSK और LSG की राह आसान
पंजाब किंग्स की हार से 2 टीमों के लिए प्लेऑफ की राह आसान होती दिख रही है. लखनऊ सुपर जायंट्स 13 मैच में 15 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के भी 13 मैच से इतने ही अंक हैं. बस, दोनों टीमों का नेट रन रेट में जरा सा अंतर है. सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस ही ऐसी दो टीमें हैं, जो अब 16 अंकों तक पहुंच सकती हैं.
अगर रॉयल चैलेंजर्स गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद से हार जाती है तो ये दोनों टीमें 15 अंकों के साथ क्वालीफाई कर लेंगी. अगर ऐसा होता है, तो इस नतीजे का मतलब ये है कि मुंबई इंडियंस को भी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई में जगह बनाने के लिए अपने आखिरी मैच में किसी भी अंतर से जीत दर्ज करनी होगी. क्योंकि आरसीबी की हार के बाद पॉइंट्स टेबल में मुंबई टॉप-3 को छोड़ दें तो 16 अंकों तक पहुंच सकेगी.
आरसीबी के लिए क्या रास्ता बचेगा?
दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स के पास सनराइजर्स से हारने के बाद भी प्लेऑफ में जगह बनाने का मौका होगा, लेकिन ऐसा होने के लिए मुंबई को अपना आखिरी मैच गंवाना होगा. इस बीच, दो अन्य टीमें जो 14 अंकों तक पहुंच सकती हैं, उसमें राजस्थान रॉयल्स और नाइट राइडर्स को अपने आखिरी मैच जीतने की जरूरत होगी और ये उम्मीद करनी होगी कि मुंबई अपना आखिरी मैच हार जाए. उस सूरत में तीन टीमों के 14 अंक हो जाएंगे और फिर फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा. फिलहाल राजस्थान रॉयल्स (0.140) और आरसीबी (0.166) नेट रन रेट के पैमाने पर नाइट राइडर्स (-0.256) की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं.
.
Tags: Chennai super kings, IPL 2023, IPL Play-offs, Lucknow Super Giants, Mumbai indians, Punjab Kings, Rajasthan Royals, RCB vs SRH
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 06:36 IST
[ad_2]
Source link