[ad_1]
हाइलाइट्स
भारत को वर्ल्ड कप में सभी 9 मैच अलग-अलग शहरों में खेलने हैं
2 विश्व चैंपियन टीमें भारत को उसके जाल में ही फंसा सकती हैं
नई दिल्ली. देरी से ही सही, आईसीसी ने भारत में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान कर दिया. टीम इंडिया ने पिछली बार 2011 में घर में ही विश्व कप जीता था. ऐसे में इस बार भारतीय टीम से फैंस को बड़ी उम्मीदें हैं. वैसे भी पिछले तीनों विश्व कप मेजबान टीम ने जीते हैं. 2011 में भारत, 2015 में ऑस्ट्रेलिया और 2019 में इंग्लैंड चैंपियन बना था. ऐसे में भारत की खिताबी हैट्रिक की उम्मीद पूरी है.
टीम इंडिया अपने 9 लीग मैच 9 शहरों में खेलेगी. भारत ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान जैसी वनडे की धाकड़ टीमों से निपटने के लिए चक्रव्यूह तैयार किया है. हर टीम की खामी और खूबी को देखते हुए ऐसे वेन्यू तय किए हैं, जहां टीम इंडिया विपक्षी पर हावी हो सकती है. लेकिन, इसी चक्रव्यूह में टीम इंडिया खुद भी फंस सकती है. कम से कम 3 वेन्यू तो ऐसे हैं, जहां के पिछले रिकॉर्ड और पिच का मिजाज ऐसा है, जो भारतीय टीम को मुश्किल में डाल सकता है. ये वेन्यू कौन से हैं और भारत के लिए कौन सी टीमें खतरा बन सकती हैं, आइए जानते हैं.
भारत अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा. ऑस्ट्रेलिया 5 बार वर्ल्ड कप जीत चुकी है. 2021 में उसने टी20 वर्ल्ड कप भी जीता था. ऐसे में भारत के लिए कंगारू टीम खतरा बन सकती है. इसकी एक वजह चेन्नई में टीम इंडिया का रिकॉर्ड और वहां का विकेट भी है.
चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया कर सकता है नाक में दम
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) की पिच हमेशा से ही स्पिन गेंदबाजों को मददगार रही है. यानी टीम इंडिया का पलड़ा यहां भारी रह सकता है. क्योंकि भारत के पास यहां की कंडीशन का फायदा उठाने वाले स्पिनर हैं. लेकिन, यही बात भारत के लिए मुसीबत भी खड़ी कर सकती है. हम ऐसा इसलिए कह रहे कि चेपॉक में पिछला वनडे भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच इसी साल मार्च में खेला गया था और वो मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने 21 रन से जीता था और उस मैच में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जाम्पा और एश्टन एगर ने कुल मिलाकर 6 विकेट लिए थे. यानी ऑस्ट्रेलिया को घेरने के लिए जो चक्रव्यूह टीम इंडिया ने तैयार किया है, उसमें उल्टा भारत ही फंस सकता है.
चेन्नई में भारत पिछले 5 में से 2 ही वनडे जीता है. इस दौरान वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान ने उसे हराया है. यानी जिस सोच और रणनीति के साथ चेन्नई को भारत-ऑस्ट्रेलिया के वेन्यू के लिए चुना गया, वो दांव भारत पर उल्टा पड़ सकता है.
धर्मशाला में भी टीम इंडिया पड़ सकती है मुश्किल में
भारत को वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना मैच धर्मशाला में खेलना है. ये मुकाबला 22 अक्टूबर को खेला जाएगा. धर्मशाला में पिछला वनडे 2017 में खेला गया था और उस मुकाबले में श्रीलंका ने भारत को बुरी तरह धोया था. भारत के टॉप-5 बल्लेबाज सिर्फ 13 रन जोड़ पाए थे और पूरी टीम श्रीलंकाई पेस अटैक के आगे बेबस नजर आई थी और महज 112 रन पर ढेर हो गई थी. उस मैच में श्रीलंका के तेज गेंदबाजों ने 10 में से 9 विकेट लिए थे. यानी धर्मशाला में तेज गेंदबाजों की बल्ले-बल्ले रहती है. यहां की पिच पर उछाल और तेजी रहती है. जो न्यूजीलैंड के पेसर्स को रास आएगी.
कीवी टीम के पास ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्यूसन जैसे तेज गेंदबाज हैं, जो धर्मशाला की कंडीशन का बेहतर फायदा उठा सकते हैं. अक्टूबर में धर्मशाला में हल्की ठंड शुरू हो जाती है. ऐसे में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है. उछाल भरी और तेज पिचों पर भारतीय बल्लेबाज कितने असहज रहते हैं, ये बात सबको पता है. ऐसे में धर्मशाला में टीम इंडिया की राह मुश्किल हो सकती है.
लखनऊ में इंग्लैंड दे सकता है टक्कर
भारत को तीसरा अहम मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में इंग्लैंड से खेलना है. आईपीएल 2023 के दौरान यहां जितने भी मुकाबले खेलेगा, ज्यादातर लो स्कोरिंग रहे. यहां की काली मिट्टी की पिच धीमी है और उस पर उछाल भी कम है. हालांकि, वर्ल्ड कप के लिए नए सिरे से विकेट तैयार किया जा रहा है. ऐसे में किसी को पता नहीं कि पिच का मिजाज कैसा होगा?
भारत ने अबतक इस मैदान पर एक ही मैच खेला है, जिसमें उसे दक्षिण अफ्रीका ने मात दी थी. ये मुकाबला भी पूरे 50 ओवर का नहीं हुआ था. अगर ये मान भी लें कि विकेट से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलेगी तो इंग्लैंड के पास भी अच्छे स्पिनर हैं. मोईन अली धीमे विकेट पर असरदार साबित हो सकते हैं. हाल के सालों में भारतीय बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजों के आगे वनडे, टेस्ट हर फॉर्मेट में लड़खड़ाते नजर आए हैं. ऐसे में लखऊ में भी अगर इंग्लैंड खेल कर दे तो किसी को हैरान नहीं होना चाहिए.
.
Tags: India vs Australia, India Vs England, India vs new zealand, ODI World Cup, Team india
FIRST PUBLISHED : June 29, 2023, 09:16 IST
[ad_2]
Source link