[ad_1]
नई दिल्ली. अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को पाकिस्तान के खिलाफ एक बेहद ही करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. 300 रन बनाने के बाद भी मुकाबला अफगानिस्तान के हाथ ना आया और सीरीज भी गंवा दी. पाकिस्तान को चमत्कारी जीत दिलाने के पीछे 20 साल के नसीम शाह का बड़ा योगदान रहा. आखिरी ओवर में उन्होंने मैच का रुख पलट दिया. लगातार दूसरे साल इस खिलाड़ी ने अफगान टीम को चोट दिया है.
पाकिस्तान के खिलाफ अफगानिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान की धमाकेदार ओपनिंग ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया. दोनों ने 39.5 ओवर तक विकेट के लिए टीम के गेंदबाजों को तरसाया. पहले विकेट के लिए 227 रन की बेमिसाल साझेदारी कर डाली. गुरबाज ने 151 रन की रिकॉर्ड पारी खेल टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी. आखिर के बल्लेबाजों ने इसे 300 रन तक पहुंचाया.
20 साल के नसीम ने पलट दिया मैच
पाकिस्तान के गेंदबाज नसीम शाह ने एक बार फिर से अफगानिस्तान की टीम के जबड़े से जीत छीन ली. मुश्किल में फंसी टीम के लिए जीत के दरवाजे खोले. आखिरी ओवर में पाकिस्तान के लिए 2 चौके लगाते हुए अफगानिस्तान का दिल तोड़ दिया. फजल हक फारूखी की पहली गेंद और फिर आखिरी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा. इससे पहले पिछले साल इसी गेंदबाज के सामने एशिया कप में नसीम ने आखिरी गेंद पर दो लगातार छक्के जमाते हुए टीम को नामुमकिन लग रही जीत दिलाई थी.
रोमांच से भरा आखिरी ओवर
नसीम शाह और शादाब खान के सामने आखिरी ओवर में 16 रन बनाने की चुनौती थी. फजल हक फारूखी पहली गेंद करने आए और शाबाद रन लेने आगे निकल पड़े, अफगानी गेंदबाज ने चालाकी दिखाते हुए गेंद डालने से पहले स्टंप उड़ा दिए और पाकिस्तान की उम्मीद शादाब के रन आउट होते डूबने लगी. नसीम ने इसी गेंद पर चौका लगाया. दूसरी बॉल पर कोई रन नहीं बना तो तीसरी गेंद पर 1 रन अगली बॉल पर हारिस राउफ ने 3 रन लेकर स्ट्राइक नसीम को दी. आखिरी गेंद पर चौका जमाते हुए नसीम ने मैच पाकिस्तान की झोली में डाल दिया.
.
Tags: Naseem Shah
FIRST PUBLISHED : August 25, 2023, 06:48 IST
[ad_2]
Source link