[ad_1]
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड जल्द वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए टीम घोषित कर सकता है. भारत में 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक चलने वाले आईसीसी टूर्नामेंट के लिए पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने अपनी 15 सदस्यीय टीम में कई ऐसे खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो लंबे समय से बाहर चल रहे हैं. एशिया कप 2023 में खराब प्रदर्शन के बाद शादाब खान को उप-कप्तानी से हटाए जाने की चर्चा है और शाहीन अफरीदी को यह जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही जा रही है. लेकिन शाहिद अफरीदी ने दामाद शाहीन को अपनी टीम में बतौर गेंदबाज शामिल किया है. शादाब को ही उप-कप्तान बनाया है. ऑलराउंडर इमाद वसीम भी उनकी टीम में हैं. इमाद ने अंतिम वनडे 3 साल पहले नवंबर 2020 में खेला था.
समा टीवी से बात करते हुए पूर्व दिग्गज क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने कहा, वर्ल्ड कप में हमें 2 तरह के ट्रैक मिल सकते हैं. या तो हमें सीमिंग ट्रैक मिलेगा या बहुत सपाट ट्रैक. हमारे पास अच्छे स्पिनर हैं. लेकिन यदि किसी दिन तेज गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी नहीं कर पाते हैं, तो उस समय आपको इमाद वसीम जैसे गेंदबाज की जरूरत होगी. वह नई गेंद से खतरनाक साबित हो सकता है. अफरीदी ने टीम में तेज गेंदबाज हसन अली को भी जगह दी है. हालांकि वे अभी चोट से वापसी कर रहे हैं और उनका रिहैब जारी है. मालूम हो कि युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह एशिया कप के दौरान चोटिल हो गए थे. वे वर्ल्ड कप से लगभग बाहर हो चुके हैं. हसन अली ने 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया था.
युवा तेज गेंदबाज भी टीम में
46 साल के शाहिद अफरीदी ने कहा कि मैंने इमाद वसीम की बल्लेबाजी भी देखी है. वह आत्मविश्वास से भरा हुआ है. उसने कुछ शानदार पारियां भी खेली हैं. वह ऐसा खिलाड़ी हैं, जो दबाव में खेलना जानता है. सीनियर होने के साथ-साथ वह मानसिक रूप से भी मजबूत है. अफरीदी ने कहा कि युवा तेज गेंदबाज अरशद इकबाल भी अच्छी लय में है. वह भारत जैसी पिचों पर अच्छा गति से गेंद डाल सकता है.
शाहिद अफरीदी की वर्ल्ड कप टीम
बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), फखर जमां, इमाम उल हक, सलमान आगा, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान, सऊद शकील, इमाद वसीम, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, उस्मां मीर, जमान खान, अरशद इकबाल और हसन अली.
.
Tags: Babar Azam, Pakistan, Shahid afridi, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : September 20, 2023, 12:45 IST
[ad_2]
Source link