Home Breaking News ODI World Cup: मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया को अपने दम पर जिताया मैच तो फैंस को याद आए कपिल देव, जानें पूरा मामला

ODI World Cup: मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया को अपने दम पर जिताया मैच तो फैंस को याद आए कपिल देव, जानें पूरा मामला

0
ODI World Cup: मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया को अपने दम पर जिताया मैच तो फैंस को याद आए कपिल देव, जानें पूरा मामला

[ad_1]

क्रिकेट विश्व कप 2023 का रोमांच सिर चढ़कर बोल रहा है। मंगलवार को टूर्नामेंट के 39वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को तीन विकेट से हरा दिया। कंगारुओं की इस जीत में सबसे अहम योगदान ग्लेन मैक्सवेल का रहा। 91 पर सात विकेट गिर जाने के बाद मैक्सवेल ने अपने दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 128 गेंद में 21 चौके और 10 छक्के की मदद से 201 रन की नाबाद पारी खेली। जब ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी पांच रन चाहिए थे, तब मैक्सवेल को दोहरे शतक के लिए भी पांच रन ही चाहिए थे। ऐसे में उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ अपना दोहरा शतक भी पूरा किया।




मैक्सवेल को मैच के दौरान चोट भी लगी थी। उनके पैर की मांसपेशियां खिंच गई थीं। वह दर्द से कराहते हुए नजर आए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और वानखेड़े में ‘वन मैन शो’ का नजारा दिखाया। यह पहली बार नहीं है जब विश्व कप में वन मैन शो परफॉर्मेंस हुई हो। इससे पहले 40 साल पहले 1983 विश्व कप में भारतीय टीम के एक दिग्गज खिलाड़ी ने भी कुछ ऐसा ही नजारा पेश किया था। उस खिलाड़ी का नाम है ‘कपिल देव’। उन्होंने 1983 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने दम पर जीत दिलाई थी। आइए जानते हैं…


1983 विश्व कप मैच में कपिल देव का कमाल

1983 विश्व कप में ग्रुप स्टेज के दौरान भारत का मुकाबला जिम्बाब्वे से टनब्रिज वॉल्स के नेविल ग्राउंड में था। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उस मैच में जीत बेहद जरूरी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही थी। 17 रन पर टीम इंडिया ने पांच विकेट गंवा दिए थे। फिर 77 रन पर छठा, 78 पर सातवां और 140 पर आठवां विकेट गिरा। हालांकि, इस दौरान दूसरे छोर पर खड़े कपिल देव ने गजब के साहस का प्रदर्शन किया था। उन्होंने 138 गेंद पर 175 रन की तूफानी पारी खेल दी थी।

इस दौरान उन्होंने 16 चौके और छह छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 126.81 का रहा था। कपिल नाबाद रहे थे और उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 60 ओवर में आठ विकेट पर 266 रन का स्कोर बनाया था। यह भारत की ओर से विश्व कप में खेली गई सबसे बड़ी पारी है, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया। उनके इस वन मैन शो का जिम्बाब्वे के पास कोई जवाब नहीं था। जिम्बाब्वे की टीम 57 ओवर में 235 रन पर सिमट गई थी। भारत ने यह मैच 31 रन से अपने नाम किया था।


2023 विश्व कप मैच में मैक्सवेल का कमाल

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 291 रन बनाए। यह विश्व कप में उनका सर्वश्रेष्ठ कुल स्कोर है। इब्राहिम जादरान ने 143 गेंद में नाबाद 129 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, हशमतुल्लाह शाहिदी ने 26 रन, रहमत शाह ने 30 रन, अजमतुल्लाह शाहिदी ने 22 रन, मोहम्मद नबी ने 12 रन की पारी खेली। राशिद खान ने आखिर में 18 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 35 रन की तूफानी पारी खेली।

जवाब में अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने शुरुआती 20 ओवर में गजब का प्रभाव छोड़ा। 19वें ओवर तक ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट गंवा दिए थे और उनके 100 रन भी पूरे नहीं हो सके थे। हालांकि, इसके बाद मुंबई के वानखेड़े में ग्लेन मैक्सवेल का तूफान देखने को मिला। उन्होंने 128 गेंद में 21 चौके और 10 छक्के की मदद से 201 रन की पारी खेल डाली। वनडे में रन चेज में किसी खिलाड़ी का यह पहला दोहरा शतक रहा। मैक्सवेल ने इतिहास तो रचा ही साथ ही अपने दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत भी दिलाई और सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। सचिन तेंदुलकर और वसीम अकरम तक ने यह कह दिया है कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसी पारी नहीं देखी। 


[ad_2]

Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here