[ad_1]
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को सेंचुरियन टेस्ट मैच में अकेले दम पर मुश्किलों से निकालने वाले केएल राहुल एक वक्त बेहद खराब दौर से गुजर रहे थे. चोट की वजह से लंबे वक्त तक टीम से बाहर बैठना पड़ा था. साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज में शतक जमाकर शानदार वापसी करने वाले भारतीय बल्लेबाज के एल राहुल ने बुरे वक्त का अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि कैसे कुछ अर्सा पहले ही खराब फॉर्म को लेकर हुई आलोचना पर कहा है कि वह उस समय इसके लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में पहले टेस्ट में कठिन हालात में शतक जमाने वाले राहुल ने स्टार स्पोटर्स की ‘बिलीव’ सीरीज में कहा ,‘‘आप लोगों को बदल नहीं सकते. हर कोई अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र है और उस समय मुझे और भी खराब लग रहा था. अब पीछे देखता हूं तो लगता है कि इसे अलग नजरिए से देख सकता था. लेकिन उस समय मैं इस तरह की आलोचना के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं था.’’
चोटों और खराब फॉर्म के कारण सोशल मीडिया पर भी ट्रोलिंग का शिकार हुए राहुल ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने ऐसा कैरियर चुना जिसमें उन्हें मजा आता है. उन्होंने कहा ,‘‘ मेरे भीतर कम उम्र से ही ऐसा कुछ था, एक आवाज या ऐसी ऊर्जा जो हमेशा से सही थी. मुझे हमेशा लगता था कि मैं सही दिशा में जा रहा हूं. मुझे खुशी है कि मैने ऐसा कैरियर चुना जिसमें मुझे मजा आता है और जो मैं करना चाहता था.’’
उन्होंने कहा ,‘‘ इसलिए जब ऐसा लगता है कि मुझे चोट क्यो लग रही है या लोग मेरी आलोचना क्यो कर रहे हैं तो मैं पीछे मुड़कर सोचता हूं कि मैं हमेशा से क्रिकेट खेलना चाहता था और यह सब खेल का हिस्सा है. आपको अच्छा बुरा सब कुछ संतुलित तरीके से लेना होता है. इस तरह की चुनौतियों के बाद आप मजबूती से उभरते हैं.’’
.
Tags: India vs South Africa, KL Rahul
FIRST PUBLISHED : December 27, 2023, 20:40 IST
[ad_2]
Source link