[ad_1]
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम में जल्दी ही बड़ा बदलाव दिख सकता है. यह बदलाव भारत और अफगानिस्तान टी20 सीरीज में नजर आने वाला है. खबर है कि इस सीरीज के हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव फिट नहीं हैं. ऐसे में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) नए कप्तान की ओर देख सकता है. ऐसे में बीसीसीआई नए कप्तान की ओर देख सकता है. बोर्ड के पास नए कप्तान के लिए ज्यादा विकल्प नहीं है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच 11 जनवरी से 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है. बीसीसीआई के सूत्रों ने पीटीआई से कहा, ‘सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या फिट नहीं हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज से कुछ अनुमान नहीं लगाया जा सकता. कोई भी फैसला आईपीएल में पहले महीने के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा.’
भारतीय टीम इन दिनों दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है. दोनों टीमों 3 जनवरी से टेस्ट मैच खेलेंगी. इसके बाद भारतीय टीम स्वदेश लौट आएगी. स्वदेश लौटते ही भारतीय टीम को अफगानिस्तान से टी20 सीरीज खेलनी है. संभवत: इसी बात को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर दक्षिण अफ्रीका रवाना हो गए हैं. माना जा रहा है कि अगरकर टेस्ट मैच के दौरान ही रोहित शर्मा और विराट कोहली से उनके फ्यूचर प्लान को लेकर बात करेंगे.
भारतीय टीम को जनवरी में ही इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है. इस कारण यह भी लगभग तय है कि कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज नहीं खेलेंगे. अब अगर हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव अनफिट हैं और रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं हैं तो बीसीसीआई को टी20 टीम की कप्तानी के लिए किसी नए नाम पर विचार करना पड़ सकता है.
रोहित, हार्दिक, सूर्या की गैरमौजूदगी में भारत के पास कम से कम तीन ऐसे नाम होंगे, जो टी20 टीम में भारत की कप्तानी कर चुके हैं. ये नाम हैं जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और ऋतुराज गायकवाड़. संभावना है कि रोहित और विराट की तरह केएल राहुल और बुमराह को भी टी20 सीरीज में रेस्ट दिया जा सकता है. ऐसे में बीसीसीआई के पास ऋतुराज गायकवाड़ ही ऐसे विकल्प बचेंगे जो टी20 टीम में भारत की कमान संभाल चुके हैं. लेकिन यहां भी एक पेंच है. गायकवाड़ ने एशियन गेम्स में टीम की कमान संभाली थी, जहां उनके साथ ज्यादातर जूनियर खिलाड़ी थे. लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ उनके कई सीनियर साथी भी टीम में दिख सकते हैं. जैसे कि शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज…
शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर की मौजूदगी में ऋतुराज गायकवाड़ को कमान सौंपे जाने की संभावना कम ही लगती है. ऐसे में संभव है कि या तो श्रेयस अय्यर या शुभमन गिल को टी20 टीम की कप्तानी सौंपी जाए या फिर बोर्ड किसी और खिलाड़ी को यह जिम्मेदारी सौंप दे. बता दें कि अब तक भारत के लिए 13 खिलाड़ी टी20 टीम की कप्तानी कर चुके हैं. वीरेंद्र सहवाग यह जिम्मेदारी संभालने वाले पहले कप्तान थे.
(इनपुट भाषा)
.
Tags: Hardik Pandya, India vs Afghanistan, Suryakumar Yadav, Team india
FIRST PUBLISHED : January 2, 2024, 20:59 IST
[ad_2]
Source link