[ad_1]
सिडनी. ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर डेविड वार्नर पाकिस्तान के खिलाफ अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेलने उतरे हैं. सिडनी में इस धुरंधर को कुछ ऐसा मिला जिसके बाद राहत की सांस ली. उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए शुक्रवार को खुलासा किया कि उनकी ‘बैगी ग्रीन’ (ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट बल्लेबाज को मिलने वाली कैप) यहां रहस्यमयी तरीके से टीम होटल में मिल गई.
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर तीसरे दिन के खेल की शुरुआत से पहले वार्नर ने इंस्टाग्राम पर खुलासा किया कि उनकी दो बैगी ग्रीन कैप मिल गई हैं. वार्नर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में कहा, ‘‘सभी को नमस्कार, मैं आप सभी को यह बताते हुए बेहद खुशी और राहत महसूस कर रहा हूं कि मेरी बैगी ग्रीन मिल गई हैं.’’
उन्हेंने कहा, ‘‘कोई भी क्रिकेटर जानता है कि वह टोपी कितनी खास है और मैं इसे जीवन भर संजोकर रखूंगा. मैं इसे ढूंढने में शामिल सभी लोगों का बहुत आभारी हूं. पिछले कुछ दिनों से मेरे कंधों पर बोझ था जो उतर गया है इसलिए मैं इसकी सराहना करता हूं. इसमें शामिल सभी लोगों को धन्यवाद.’’
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के अनुसार, ‘‘जिस बैग में उन्हें रखा गया था वह टीम होटल (सिडनी में) में पाया गया जिसमें सारा सामान था. व्यापक खोज और कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा और मंगलवार से कई पक्षों के प्रयासों के बावजूद नहीं पता कि लापता बैग वहां कैसे पहुंचा.’’
इस सप्ताह की शुरुआत में मेलबर्न से सिडनी के सफर के दौरान वार्नर का बैग गायब हो गया था जिसमें बैगी ग्रीन थी. इसके बाद वार्नर ने सोशल मीडिया पर अपनी बैगी ग्रीन वापस करने की भावनात्मक अपील की थी. बैग में दो टोपियां थीं क्योंकि वार्नर ने 2017 में अपनी मूल बैगी ग्रीन खो दी थी जिसके बाद उहें दूसरी टोपी दी गई थी. हालांकि बाद में वार्नर की पत्नी को 2011 में उनके टेस्ट पदार्पण वाली मूल टोपी मिल गई. अपने विदाई टेस्ट के लिए वार्नर ने वह अतिरिक्त बैगी ग्रीन पहनी जिसे टीम आपात स्थिति के लिए अपने पास रखती है.
.
Tags: David warner, Pakistan vs australia
FIRST PUBLISHED : January 5, 2024, 19:00 IST
[ad_2]
Source link