[ad_1]
नई दिल्ली. क्या आप यकीन करेंगे कि इंग्लैंड की टीम में एक ऐसा क्रिकेटर है, जिसने टेस्ट मैचों में जितने रन बनाए हैं, उतने टीम इंडिया के सारे खिलाड़ियों ने मिलकर भी नहीं बनाए हैं. वह क्रिकेटर कोई और नहीं, मॉडर्न फैब फोर में शामिल जो रूट हैं. जो रूट जिन्होंने हैदराबाद टेस्ट मैच में 5 विकेट लेकर भारत को हराने में अहम भूमिका निभाई थी, उन्होंने अब तक टेस्ट करियर में 11,447 रन बनाए हैं. रूट सबसे अधिक रन (टेस्ट) बनाने वाले बैटर्स की टॉप-10 लिस्ट में शामिल हैं, जहां तक सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के अलावा किसी भारतीय की पहुंच नहीं है.
भारत की मौजूदा टीम में सबसे अधिक रन बनाने वाले क्रिकेटर खुद कप्तान रोहित शर्मा हैं. रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर में अब तक 55 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 3800 रन बनाए हैं. यानी, जो रूट ने जितने रन बनाए हैं, उसका एक तिहाई भी भारतीय टीम में कोई नहीं बना सका है. टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों के रन जोड़ जाएं तो भी यह 10,702 ही हैं.
भारतीय टीम में शामिल 17 क्रिकेटरों में सिर्फ तीन क्रिकेटर ही ऐसे हैं, जिन्होंने 1,000 रन का आंकड़ा छुआ है. इनमें कप्तान रोहित के अलावा रविचंद्रन अश्विन (3,222) और शुभमन गिल (1,063) शामिल हैं. यही कारण है कि 2 फरवरी से विशाखापत्तनम में शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम के मुकाबले इंग्लैंड बुलंद हौसले से उतर रहा है.

भारत की 17 सदस्यीय टीम में 5 खिलाड़ी तो ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक करियर में एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है. भारत की प्लेइंग इलेवन में भी एक या दो खिलाड़ी ऐसे शामिल किए जा सकते हैं, जो विशाखापत्तनम से अपने टेस्ट करियर की शुरुआत कर रहे हों. सरफराज खान और रजत पाटीदार में से कोई एक क्रिकेटर 2 फरवरी को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करेगा. सौरभ कुमार भी डेब्यू करने के दावेदारों में शामिल हैं. संभव है कि इन तीन क्रिकेटरों में से कोई दो विशाखापत्तनम में अपना पहला टेस्ट मैच खेलें.
बता दें कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है. सचिन ने 200 टेस्ट में 15921 रन बनाए हैं. रिकी पोंटिंग (13378) दूसरे, जैक कैलिस (13289) तीसरे, राहुल द्रविड़ (13288) चौथे और एलिस्टेयर कुक (12472) पांचवें नंबर पर हैं. जो रूट इस लिस्ट में 10वें नंबर पर हैं. मौजूदा क्रिकेटरों में भारत के लिए सबसे अधिक रन विराट कोहली (8848) ने बनाए हैं.
.
Tags: India Vs England, Indian Cricket Team, Joe Root, Number Game, Team india
FIRST PUBLISHED : January 31, 2024, 15:10 IST
[ad_2]
Source link