[ad_1]
11:39 AM, 24-Feb-2024
शंभू जा रहे किसानों की ट्रैक्टर ट्राली दुर्घटनाग्रस्त, एक किसान की मौत
शनिवार सुबह फिरोजपुर से शंभू बॉर्डर धरने के लिए जा रही ट्रैक्टर ट्राली को गांव बसंतपुरा के नजदीक ट्राले ने टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली खदानों में जाकर पलट गई। इस हादसे में एक किसान गुरजंट सिंह (32) की मौत हो गई जबकि दो अन्य मामूली घायल हो गए जिन्हें राजपुरा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। ट्राला चालक मौके से फरार है।
11:23 AM, 24-Feb-2024
शुभकरण की मौत मामले में केस दर्ज करने की मांग
किसान नेता सरवण सिंह पंधेर व जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार शुभकरण के मामले में जल्द एफआईआर दर्ज करे। डल्लेवाल ने बताया कि बठिंडा के एसएसपी ने किसानों के वकीलों से विचार-चर्चा में स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि शुभकरण की मौत के मामले में पर्चा दर्ज नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार खुद को बचाने में लगी है। जब हरियाणा पुलिस ने पंजाब की हद में आकर शुभकरण को गोली मारी, तो फिर सरकार क्यों पर्चा दर्ज करने से पीछे हट रही है।
11:02 AM, 24-Feb-2024
शंभू पर लगातार जारी लंगर
आंदोलन में मौजूद लोगों के लिए पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर लंगर लगातार जारी है।
VIDEO | Farmers’ protest: Food being prepared at Punjab-Haryana Shambhu border. pic.twitter.com/r4uiI2RihO
— Press Trust of India (@PTI_News) February 24, 2024
10:52 AM, 24-Feb-2024
सभी संगठनों को एक मंच पर लाएगा चढूनी गुट
किसान आंदोलन को मजबूत करने के लिए भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) अब किसान संगठनों को एकमंच पर लाने का प्रयास करेगा। इसके लिए संयुक्त किसान मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के अलावा अन्य किसान संगठनों से भी वार्ता की जाएगी। चढूनी गुट की कोर कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके अलावा चढूनी ने वीडियो संदेश भी जारी किया है, जिसमें सरकार से जुल्म बंद कर किसानों की मांगें मानने की मांग की गई है।
10:36 AM, 24-Feb-2024
शंभू बार्डर पर किसानों ने काली पट्टी बांध निकाला रोष मार्च, फूंका पुतला
किसान आंदोलन के दौरान खनौरी बॉर्डर पर हुई युवा किसान शुभकरण की मौत के मामले में किसानों ने शुक्रवार को सिर पर काली पट्टी बांधकर और हाथों में काले झंडे लेकर रोष मार्च निकाला। इसमें सैकड़ों किसान राजपुरा की तरफ से चलते हुए शंभू बैरिगेड तक पहुंचे, जहां किसानों ने सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान खनौरी बॉर्डर पर हुए घटनाक्रम को लेकर शुक्रवार को भी किसान में आक्रोश दिखा।
10:34 AM, 24-Feb-2024
किसान आज निकालेंगे कैंडल मार्च
संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनैतिक) एवं किसान मजदूर मोर्चा की ओर से 24 फरवरी की शाम को शहीद शुभकरण सिंह और अन्य तीन शहीद किसानों की स्मृति में कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। 25 फरवरी को शंभू एवं खनौरी बॉर्डर पर देशभर के किसानों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद 26 फरवरी को देश में सभी गांवों और शंभू तथा खनौरी बॉर्डर पर पुतले फूंके जाएंगे। 27 फरवरी को दोनों फोरम की राष्ट्रीय स्तर की बैठक शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आयोजित होगी। फिर 28 फरवरी को दोनों फोरम की साझा बैठक आयोजित कर के 29 को किसान आंदोलन के आगामी बड़े फैसले का एलान किया जाएगा।
10:28 AM, 24-Feb-2024
Farmers Protest Live: शंभू आ रहे किसानों का ट्रैक्टर हादसाग्रस्त, एक की मौत, आज निकाला जाएगा कैंडल मार्च
किसान आंदोलन के दौरान खनौरी-दातासिंह वाला बॉर्डर पर टकराव के दौरान युवा किसान शुभकरण की मौत के विरोध में शुक्रवार को पंजाब और हरियाणा में किसानों ने काला दिवस मनाया। किसानों ने जगह-जगह धरने दिए और काले झंडे लेकर रोष मार्च निकाला। किसानों ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व हरियाणा के मुख्यमंत्री के पुतले जलाकर रोष प्रकट किया। वहीं, किसान आज कैंडल मार्च निकालेंगे।
[ad_2]
Source link
