[ad_1]
IPL Impact Player Rule: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नजरिए से सहमति जताते हुए पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने आईपीएल में ‘इंपेक्ट प्लेयर’ नियम पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे ‘कामचलाऊ ऑलराउंडर’ तैयार हो रहे हैं. ‘इंपेक्ट प्लेयर’ नियम 2023 सीजन से लागू किया गया, जिसमें सभी आईपीएल टीम को मैच के दौरान एक खिलाड़ी को बदलने की अनुमति होती है. दिग्गजों ने इस नियम को लेकर कहा कि यह नियम एक ऑलराउंडर की भूमिका को कम करता है.
जहीर खान ने दिया बयान
शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी को उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने केवल पावर हिटर के रूप में इस्तेमाल किया है. दुबे गेंदबाज भी हैं और टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के विकल्प के लिए दावेदार हैं, लेकिन उन्हें गेंद से अपनी प्रतिभा दिखाने का बामुश्किल मौका मिल रहा है. जहीर खान ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर कहा, ‘मैं इस बात से पूरी तरह सहमत हूं कि यह बहस का मुद्दा है. थोड़ी चिंता जरूर है. लेकिन हमें इससे निपटने का तरीका ढूंढने की जरूरत है. इम्पैक्ट प्लेयर नियम में आपको कामचलाऊ ऑलराउंडर मिलेंगे.’
वर्ल्ड कप में तेज गेंदबाजी के दावेदार बताए
वर्ल्ड कप 2011 में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जहीर का मानना है कि मोहम्मद सिराज को टी20 वर्ल्ड कप टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ आना चाहिए. उन्हें साथ ही लगता है कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को भी टीम का हिस्सा होना चाहिए. इस 45 वर्षीय बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, ‘टीम का चयन अब भी दो सप्ताह दूर है लेकिन अर्शदीप एक गंभीर दावेदार है और चयनकर्ता उस पर नजर रख रहे हैं. खलील अहमद, मोहसिन खान और यश दयाल पर भी नजरें रहेंगी.’
ऋषभ पंत पर भी दिया बयान
उन्होंने आगे कहा, ‘सिराज बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कभी-कभी यह फॉर्मेट के बारे में होता है. वह वापसी करने के लिए सक्षम हैं. मुझे लगता है कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा होना चाहिए.’ टी20 वर्ल्ड कप में विकेटकीपिंग की भूमिका कौन निभाएगा? इस सवाल में जवाब में जहीर ने कहा, ‘मैं उनकी (ऋषभ पंत की) प्रगति से खुश हूं. मुझे यकीन नहीं था कि आईपीएल से पहले इतने लंबे ब्रेक के बाद वह कैसा प्रदर्शन करेंगे, लेकिन पिछले छह-सात मैचों में उनकी प्रगति, उनका नेतृत्व कौशल और विकेटकीपिंग सभी पहलुओं में सफल रही.’
[ad_2]
Source link