[ad_1]
Arvind Kejriwal News: सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार शाम को तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। उन्हें लेने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, कई मंत्री और सैकड़ों कार्यकर्ता तिहाड़ जेल पहुंचे। जोश से भरे कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर केजरीवाल का स्वागत किया। बाहर आते ही केजरीवाल ने कहा कि देश को तानाशाही से बचाना है। इस तानाशाही से बचाने के लिए देश के 140 करोड़ लोगों को मिलकर लड़ना पड़ेगा। शनिवार सुबह 11 बजे कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाकर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता करेंगे।
उन्होंने कहा कि आप लोगों के बीच में आकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैंने कहा था न कि जल्दी आऊंगा। मैं आ गया। मैं सबसे पहले भगवान हनुमान के चरणों में वंदना करना चाहता हूं। उनके आशीर्वाद से मैं आप सब लोगों के बीच में हूं। मैं दिल्ली समेत देशभर के करोड़ों लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं। देश के करोड़ों लोगों की दुआएं मेरे साथ हैं। देशभर के लोगों ने मुझे आशीर्वाद भेजा है। सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया करना चाहता हूं, जिसकी वजह से मैं आप सब के बीच में हूं। भगवंत मान समेत अन्य नेताओं से गले मिलकर केजरीवाल ने सबका हौसला बढ़ाया।
जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए
कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से केजरीवाल का स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने ‘जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए, अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद‘ समेत तमाम नारे लगाए। इस दौरान कार्यकर्ता एक दूसरे को बधाई भी देते दिखे। कार्यकर्ता पटाखे भी लेकर आए थे। जैसे ही केजरीवाल जेल से बाहर निकले, कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक आतिशबाजी का दौर चलता रहा। पुलिस ने भी सुरक्षा कड़ी की हुई थी। ढोल बजाते हुए लोगों ने काफी देर तक नारे लगाए। केजरीवाल ने कार की छत खोलकर सभी का अभिवादन किया।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य
सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। भाजपा ने उन्हें चुनाव के दौरान प्रचार करनेे से रोेकने के लिए गिरफ्तार कराया था। जबकि कांग्रेस ने कभी भी विपक्षी दलों व नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से काम नहीं किया है। कांग्रेस ने हमेशा ही विपक्षी नेताओं को उचित सम्मान दिया है, लेकिन पिछले 10 सालों से भाजपा ने सत्ता में आने के बाद राजनीति के स्वरूप को ही बदल दिया है। – देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
जश्न मनाने का कदम जनता को गुमराह करने वाला
केजरीवाल की जमानत पर आप के जश्न पर हैरानी है। आप नेता इस तरह का प्रचार कर रहे हैं, जैसे केजरीवाल दोषमुक्त हो गए हों या सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया हो। आम आदमी पार्टी के नेता खुद और जनता को धोखा देने की फिर से कोशिश कर रहे हैं। केजरीवाल को सिर्फ 20 दिन के लिए अंतरिम जमानत पर चुनाव प्रचार के लिए छोड़ा गया है। वे करोड़ों रुपये के शराब घोटाले में अभियुक्त हैं, इसीलिए उन्हें दो जून को फिर से जेल में जाना होगा। – रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक, भाजपा
[ad_2]
Source link