[ad_1]
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अब तक गजब का खेल दिखाने वाली कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम ने सबसे पहले प्लेऑफ में जगह पक्की की. मुंबई इंडियंस के खिलाफ शनिवार को मिली जीत के दम पर टीम ने यह कामयाबी हासिल की. अब कोलकाता का लक्ष्य टॉप 2 में बने रहने का है. इस मामले में दो टीम कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है. शुरुआती मुकाबलों में लगातार टॉप पर रहने के बाद पीछे होने वाली राजस्थान रॉयल्स और रिकॉर्ड तोड़ स्कोर बनाने वाली टीम की नजर भी टॉप पर जमी है.
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने अब तक अपने शानदार खेल के दम पर टॉप पोजिशन बनाए रखा है. 18 अंक हासिल करते हुए यह टीम सबसे पहले प्लेऑफ में पहुंची है लेकिन अभी भी छोटी सी गलती उसके प्लेऑफ में टॉप पर बने रहने की उम्मीद पर पानी फेर सकती है. कोलकाता के पास दो मुकाबले बचे हैं जबकि दूसरे नंबर पर काबिज राजस्थान के 3 मुकाबले बाकी हैं. सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे नंबर पर है और उसे अभी दो मुकाबला खेलना है. ऐसे में अंक तालिका में उलटफेर संभव है.
कोलकाता को 2 टीमों से मिलेगी टक्कर
इस वक्त अंक तालिका में भले ही कोलकाता की टीम टॉप पर है लेकिन उसे खतरा नीचे की दो टीमों से है. अगर अगले दो मैच में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम हार जाती है और राजस्थान अपने दो मैच जीत जाता है तो वह 20 अंक लेकर टॉप पर पहुंच जाएगा. वहीं हैदराबाद ने अगर अपने बचे हुए दोनों मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज की तो वो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है.
प्लेऑफ में टॉप पर रहने का क्या फायदा
आईपीएल के फॉर्मेट के अनुसार लीग मुकाबलों के बाद अंक तालिका में टॉप 4 टीमें प्लेऑफ में जगह बनाती है. इसमें भी जो टीम पहले और दूसरे स्थान पर रहती है उसे फाइनल तक पहुंचने के लिए तीसरे और चौथे नंबर की टीम से 1 मैच ज्यादा मिलता है. पहले और दूसरे नंबर की टीम क्वालिफायर खेलती है जिसे जीत मिलती है वो सीधा फाइनल में जाता है जबकि हारने वाली टीम को तीसरे और चौथे नंबर की विजेता टीम से खेलने का मौका मिलता है. यहां जीत हासिल करके टीम फाइनल में जगह बनाती है.
FIRST PUBLISHED : May 12, 2024, 15:02 IST
[ad_2]
Source link