[ad_1]
मुस्ताफिजुर ने 10 रन देकर लिए 6 विकेट बांग्लादेश ने तीसरा टी20 मैच 10 विकेट से जीता
नई दिल्ली. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान की घातक गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश ने तीसरे और आखिरी टी20 में मेजबान अमेरिका को 10 विकेट से हरा दिया. इस जीत से बांग्लादेश सीरीज में क्लीनस्वीप होने से बच गया. आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलने वाले स्टार तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान की कातिलाना गेंदबाजी के आगे मेजबान अमेरिका के बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए. उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पैल में महज 10 रन खर्च कर 6 विकेट अपने नाम किए जो टी20 करियर की उनकी बेस्ट गेंदबाजी है. इस जीत के बावजूद बांग्लादेश 1-2 से टी20 सीरीज हार गया. टी20 वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश के लिए यह बड़ा झटका है.
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर अमेरिका (USA vs BAN) को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. मुस्ताफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) की घातक गेंदबाजी के आगे अमेरिका की पूरी टीम 9 विकेट पर 104 रन ही बना सकी. 105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने ओपनर तंजीद हसन और सैम्य सरकार के बीच नाबाद शतकीय पारी के दम पर मुकाबले को आसानी से जीत लिया. बांग्लादेश ने 11.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया. तंजीद ने 42 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्के जड़े जबकि सौम्य ने 28 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के लगाए.
अमेरिका के 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके
इससे पहले अमेरिका की ओर से सिर्फ 4 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके. ओपनर शयान जहांगीर ने 18 रन की पारी खेली जबकि विकेटकीपर एंड्रीज गॉस 27 रन बनाकर आउट हुए. कोरी एंडरसन ने 18 रन का योगदान दिया वहीं वान श्याल्क 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे. बांग्लादेश के लिए तंजीम हसन शाकिब, शाकिब अल हसन और रिशाद हुसैन ने एक एक विकेट चटकाया.
वीजा के चक्कर में आईपीएल को बीच में छोड़कर लौट गए थे
मुस्ताफिजुर रहमान आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेल रहे थे. वह वीजा के चक्कर में आईपीएल को बीच में छोड़कर स्वदेश लौट गए थे. मुस्ताफिजुर को अमेरिका के लिए वीजा प्रोसेस के लिए फिंगर प्रिंट देने थे, जिसकी वजह से वह आईपीएल को बीच में छोड़कर चले गए थे. आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले मुस्ताफिजुर का लय में लौटना बांग्लादेश के लिए अच्छी खबर है. मुस्ताफिजुर ने 3 मैचों की सीरीज में कुल 10 विकेट लिए.
Tags: Bangladesh, Mustafizur Rahman, United States of America
FIRST PUBLISHED : May 26, 2024, 09:14 IST
[ad_2]
Source link