[ad_1]
07:30 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: खराब मौसम के कारण टॉस में देरी, ओवरकास्ट कंडीशन
न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी में टॉस से ठीक पहले बारिश हुई। फिलहाल मैदान के ऊपर बादल मंडरा रहे हैं। ओवरकास्ट कंडीशन है। मैदान गीला होने की वजह से टॉस में देरी हुई है। हालांकि,अब बारिश रुक चुकी है। पिच को अब भी कवर्स से ढका है। अंपायर्स ने काफी देर तक रोहित और बाबर से बात की। पौने आठ बजे अंपायर्स फिर से पिच का निरीक्षण करेंगे।
07:04 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: हर खिलाड़ी को योगदान देना होगा
रोहित ने आयरलैंड के खिलाफ मैच के बाद कहा था कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हर खिलाड़ी को योगदान देना होगा। भारत के मैच के एक दिन बाद आईसीसी को पिच को लेकर तमाम आशंकाओं के निवारण के लिए बयान जारी करना पड़ा। पाकिस्तानी टीम अभी तक नासाउ स्टेडियम में नहीं खेली है। पहले मैच में अमेरिका से हारने वाली पाकिस्तानी टीम बृहस्पतिवार की रात ही यहां पहुंची है। उन्हें हालात के अनुरूप ढलने का मौका नहीं मिल सका है जिसका उन्हें नुकसान हो सकता है। भारत से हारने पर सुपर आठ चरण में उसके प्रवेश की राह लगभग असंभव हो जाएगी।
07:02 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: भारत और पाकिस्तान की टीम स्टेडियम पहुंची
भारत और पाकिस्तान की टीमें न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहुंच गई है। दोनों ही टीमें सकारात्मक अंदाज में दिखीं। अमेरिका के खिलाफ उलटफेर के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास डगमगाया हुआ है।
05:47 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: 2022 में पिछले विश्व कप से कितनी बदली भारतीय टीम
ऑस्ट्रेलिया में पिछली बार खेले गए टी20 विश्व कप टीम में शामिल सात चेहरों को इस बार भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। पिछली बार ऋषभ पंत के साथ विकेटकीपर के तौर पर शामिल रहे दिनेश कार्तिक और केएल राहुल को इस बार टीम में शामिल नहीं किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय टीम में चार स्पिनरों को मौका मिला है, लेकिन टीम के सबसे अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन चयनकर्ताओं का भरोसा जीतने में नाकाम रहे हैं। राहुल की तरह अश्विन भी पिछली बार टीम का हिस्सा थे। राहुल और अश्विन के अलावा दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल और मोहम्मद शमी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें इस बार मौका नहीं मिला है। ये पांचों खिलाड़ी 2022 टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा थे।
2022 टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), दिनेश कार्तिक, विराट कोहली, ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव, रविचंद्रन अश्विन, दीपक हुड्डा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, हर्षल पटेल और जसप्रीत बुमराह।
2024 टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
05:46 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: 2022 में पिछले विश्व कप से कितनी बदली पाकिस्तान टीम
2022 टी20 विश्व कप के दौरान पाकिस्तानी टीम से इस बार की पाकिस्तान टीम काफी बदली हुई है। 2022 के आठ खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। पाकिस्तान की 2024 टी20 विश्व कप टीम में 2022 संस्करण के सात खिलाड़ी हैं। इनमें कप्तान बाबर के अलावा, मोहम्मद रिजवान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ हैं। वहीं, तब की टी20 विश्व कप टीम में शामिल रहे विकेटकीपर मोहम्मद हारिस, शान मसूद, हैदर अली, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, आसिफ अली, मोहम्मद वसीम और मोहम्मद हसनैन को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। मौजूदा टी20 विश्व कप टीम में मोहम्मद हारिस के रिप्लेसमेंट आजम खान हैं। आजम रिजवान के बैकअप होंगे। वहीं, सैम अयूब, फखर जमां, उस्मान खान, इमाद वसीम, अबरार अहमद, मोहम्मद आमिर और अब्बास अफरीदी अन्य खिलाड़ी हैं जो इस साल के टूर्नामेंट के लिए टीम में चुने गए हैं।
2022 टी20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम
बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), शान मसूद, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद वसीम जूनियर, मोहम्मद रिजवान, नसीम शाह, खुशदिल शाह, शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, आसिफ अली।
2024 टी20 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम
बाबर आजम (कप्तान),अबरार अहमद, आजम खान, फखर जमां, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, इमाद वसीम, मोहम्मद अब्बास अफरीदी, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद रिजवान, नसीम शाह, सैम अयूब, शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान।
05:36 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: भारत बनाम पाकिस्तान मैच के आंकड़े
भारत का टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है। दोनों टीमें 2007 से लेकर अब तक इस टूर्नामेंट में सात बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से छह बार भारत ने और एक बार पाकिस्तान की टीम ने जीत हासिल की है। वहीं, ओवरऑल टी20 में दोनों टीमों के बीच 12 मुकाबले हुए हैं। आठ बार भारत ने और तीन बार पाकिस्तान ने जीत हासिल की है। 2007 में एक मुकाबला टाई हुआ था, जिसे टीम इंडिया ने बॉल आउट में अपने नाम किया था। यानी टीम इंडिया ने 12 में से कुल नौ जीत हासिल की है।
05:35 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: 596 दिन बाद भारत पाकिस्तान आमने-सामने
भारत और पाकिस्तान टी20 प्रारूप में 596 दिन बाद आमने-सामने होंगी। पिछली बार दोनों टीमें इस प्रारूप में 23 अक्तूबर 2022 को भिड़ी थीं। टी20 विश्व कप 2022 में मेलबर्न में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने चार विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, इसके बाद 2023 में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले, लेकिन तीनों वनडे प्रारूप के थे। दो बार भारत-पाकिस्तान की टीमें एशिया कप 2023 में आमने-सामने आईं, जबकि एक बार वनडे विश्व कप में आमना-सामना हुआ। भारत ने दो मैच जीते थे, जबकि एशिया कप का एक मैच बेनतीजा रहा था।
05:27 PM, 09-Jun-2024
IND vs PAK Live Score: मैदान गीला होने की वजह से भारत-पाकिस्तान मैच में टॉस में देरी, कप्तान-अंपायर कर रहे बात
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप 2024 के 19वें मैच में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है। यह मुकाबला न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय टीम अपना पिछला मुकाबला जीतकर यहां पहुंची है, जबकि पाकिस्तान को पिछले मैच में अमेरिका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। आज दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
[ad_2]
Source link