[ad_1]
07:33 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: दिल्ली को पहले ही ओवर में पहला झटका
दिल्ली की टीम को पहले ही ओवर में पहला झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर फिलिप सॉल्ट को विकेटकीपर हेनरिच क्लासेन के हाथों कैच कराया। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल कप्तान डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं।
07:06 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), फिलिप सॉल्ट (विकेटकीपर), मिचेल मार्श, मनीष पांडे, सरफराज खान, अक्षर पटेल, अमन हकीम खान, रिपल पटेल, एनरिच नॉर्त्जे, कुलदीप यादव, ईशांत शर्मा।
दिल्ली कैपिटल्स के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: मुकेश कुमार, ललित यादव, प्रवीण दुबे, चेतन सकारिया, यश ढुल।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, हैरी ब्रूक, एडेन मार्करम (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, वॉशिंगटन सुंदर, मयंक मार्कंडे, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक।
सनराइजर्स हैदराबाद के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: नीतीश रेड्डी, विवरांत शर्मा, ग्लेन फिलिप्स, मयंक डागर, राहुल त्रिपाठी।
07:00 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: दिल्ली ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। दिल्ली ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। पृथ्वी शॉ को टीम से बाहर कर दिया गया है। रिपल पटेल और सरफराज खान की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्करम ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। टी नटराजन की वापसी हुई है।
06:51 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: दोनों टीमों के आंकड़े
दोनों टीमों के बीच अब तक 21 मैच खेले गए हैं, जिसमें से हैदराबाद ने 11 और दिल्ली ने 10 मैच जीते हैं। हैदराबाद में ये दोनों टीमें पांच बार भिड़ चुकी हैं। इनमें से हैदराबाद ने तीन और दिल्ली ने दो मुकाबले जीते हैं। पिछले पांच मैचों में जब ये दोनों टीमें आमने-सामने आईं तो दिल्ली ने पिछले लगातार चारों मैच जीते। वहीं, हैदराबाद को दिल्ली के पिछली जीत 27 अक्तूबर 2020 में मिली थी।
06:46 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: वॉर्नर की हैदराबाद वापसी
इसी के साथ डेविड वॉर्नर की लगभग चार साल बाद हैदराबाद में वापसी हुई है। वह 2019 के बाद पहली बार हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेलते दिखेंगे। 2019 में वॉर्नर सनराइजर्स हैदराबाद के ही कप्तान रहे थे। 2019 के बाद कोरोना की वजह से होम-अवे फॉर्मेट पर मैच नहीं हो पाए थे। वहीं, विवाद की वजह से हैदराबाद ने वॉर्नर को टीम से निकाल दिया था, जबकि वह टीम को नहीं छोड़ना चाहते थे। ऐसे में वॉर्नर अपनी पुरानी टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।
06:45 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: ईशांत के आने दिल्ली की गेंदबाजी में जान आई
अनुभवी ईशांत शर्मा ने सीजन में पहला मैच खेलते हुए शानदार स्पैल डाला और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। ईशांत से इस मैच में भी टीम को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वह अपने अनुभव से टीम को लाभ पहुंचा सकते हैं। ईशांत के आने से टीम की गेंदबाजी में जान आई है। खराब स्ट्राइक रेट के कारण आलोचना झेल रहे वॉर्नर केकेआर के खिलाफ लय में दिखे और इसे बरकरार रखना चाहेंगे।
06:44 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: मिचेल मार्श गेंद और बल्ले दोनों से फेल
ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला मार्श चार मैचों में दो बार खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा जिसकी वजह से रोवमैन पॉवेल या रिली रोसोयू को उतारा जा सकता है। युवा बल्लेबाजों के नाकाम रहने की वजह से मनीष पांडेय पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्हें अच्छी पारी खेलनी होगी ताकि आखिरी ओवरों में अक्षर खुलकर खेल सके।
06:44 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: पृथ्वी शॉ का लचर प्रदर्शन
डेविड वॉर्नर और उनकी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार गुरुवार को दिल्ली में कोलकाता नाइटराइडर्स को चार विकेट से हराकर जीत का खाता खोला। उसके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करके केकेआर को 127 रन पर रोका। हालांकि, बल्लेबाजों में वॉर्नर और अक्षर पटेल को छोड़कर कोई नहीं चल सका। पृथ्वी शॉ और मिचेल मार्श का खराब फॉर्म टीम की समस्या बना हुआ है। पृथ्वी ने पिछले छह मैचों में 12, 7, 0, 15, 0, 13 रन बनाए। पृथ्वी इस मैच में बाहर बैठ सकते हैं।
06:43 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: हैदराबाद को हार क्रम तोड़ना होगा
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद लगातार हार के बाद अब जीत की राह पर लौटना चाहेगी। वह फिलहाल छह मैचों में चार अंक लेकर नौवें स्थान पर है। टीम कागजों पर मजबूत दिखती है लेकिन बल्लेबाजों ने उसे निराश किया है। वे ना तो बड़ा स्कोर बना पाये और ना ही लक्ष्य का पीछा करने में कामयाब रहे हैं।
06:43 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: दिल्ली की टीम लगातार पांच मैच हारी थी
लगातार पांच हार का सिलसिला पिछले मैच में तोड़ने के बाद दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल में सोमवार (24 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उतरेगी तो उसका इरादा जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने का होगा। दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन इस सत्र में अच्छा नहीं रहा है और उसे हर विभाग में निराशा हाथ लगी है। इसी वजह से उसे पहले पांच मैचों में पराजय झेलनी पड़ी।
06:36 PM, 24-Apr-2023
SRH vs DC Live: दिल्ली को पहले ही ओवर में झटका, भुवनेश्वर ने सॉल्ट को किया आउट, वॉर्नर की हैदराबाद वापसी
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 34वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना दिल्ली कैपिटल्स से है। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। हैदराबाद की टीम पिछला दो मैच हार चुकी है, जबकि दिल्ली की टीम ने पिछले मैच में इस सीजन की अपनी पहली जीत हासिल की। हैदराबाद की टीम हार की हैट्रिक से बचना चाहेगी, जबकि दिल्ली की टीम जीत के लय को बरकरार रखने उतरेगी।
[ad_2]
Source link