[ad_1]

शेयर मार्केट
– फोटो : amarujala.com
विस्तार
शेयर बाजार में हफ्ते के पहले करोबारी दिन उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार होता दिखा। सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी उच्चतम स्तरों पर पहुंचने के बाद लाल निशान पर बंद हुए। सेंसेक्स में दिन के ऊपरी स्तरों से 835 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स पहली बार 76000 के पार पहुंच गया। दूसरी ओर, निफ्टी भी पहली बार 23100 के पार पहुंचा। हालांकि उसके बाद मुनाफावसूली शुरू होने से बाजार में बिकवाली हावी हो गई, जिससे प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर सपाट बंद हुए। सोमवार को सेंसेक्स 19.89 (0.02%) अंकों की गिरावट के साथ 75,390.50 अंकों पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी पिछली क्लोजिंग से 24.65 (0.11%) अंक फिसलकर 22,932.45 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 599.29 अंक या 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,009.68 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, निवेशकों ने रिकॉर्ड स्तर पर मुनाफावसूली दर्ज करने को तरजीह दी और सूचकांक दिन के उच्च स्तर से लगभग 835 अंक गिरकर 75,175.27 अंक के निचले स्तर तक चला गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 24.65 अंक यानी 0.11 प्रतिशत गिरकर 22,932.45 अंक पर बंद हुआ। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी दिन में कारोबार के दौरान 153.7 अंक या 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,110.80 अंक के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, तेल, ऊर्जा और एफएमसीजी शेयरों में बिकवाली के कारण यह लगभग 240 अंक टूट गया।
इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में करीब एक फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और इससे बेंचमार्क सूचकांक कमजोर पड़ गए। एफएमसीजी दिग्गज आईटीसी में बिकवाली से भी लाभ घटता गया। लोकसभा चुनाव के नतीजों और वैश्विक बाजारों में तेजी से पहले शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड तोड़ तेजी रही। मौजूदा आम चुनावों के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।
सेंसेक्स ने 9 अप्रैल को पहली बार 75,000 के ऐतिहासिक स्तर को छुआ था। सोमवार को सेंसेक्स 1,000 अंक चढ़कर 76,000 अंक तक पहुंच गया। इसमें 31 कारोबारी सत्र लगे। उससे पहले बीएसई बेंचमार्क ने 9 अप्रैल को 75,000 अंक तक पहुंचने के लिए 21 कारोबारी सत्र लिए, जो 6 मार्च को 74,000 के स्तर पर पहुंचा था।
सेंसेक्स की कंपनियों में विप्रो, एनटीपीसी, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईटीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर लाभ में रहे। एशियाई बाजारों में सियोल, टोक्यो, शंघाई और हांगकांग सकारात्मक क्षेत्र में बसे। यूरोपीय बाजार भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुआ।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत बढ़कर 82.44 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बीते शुक्रवार को 944.83 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। शुक्रवार को बीएसई बेंचमार्क 7.65 अंक या 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75,410.39 पर बंद हुआ। निफ्टी ने शुक्रवार को पहली बार 23,000 अंक का आंकड़ा पार किया। हालांकि, अंत में यह 10.55 अंक या 0.05 प्रतिशत के मामूली नुकसान से 22,957.10 अंक पर बंद हुआ।
[ad_2]
Source link